महासमुन्द

बागबाहरा अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी शुरू
31-Jan-2022 6:04 PM
बागबाहरा अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 31 जनवरी। बागबाहरा नगर के सरकारी अस्पताल में अब सिजेरियन डिलवरी की सुविधा शुरू हुई है। अब इस अस्पताल में भी बच्चों की किलकारियां गूंजने लगी है। सुरक्षित व संस्थागत प्रसव के लिए गंभीर गर्भवती महिलाओं के स्वजन को भटकना नहीं पड़ रहा है।

सरकारी सिजेरियन डिलवरी की सुविधा से आमजन निजी अस्पताल के चुंगल से मुक्त होते जा रहे हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भरोसा बढ़ता जा रहा है।

विभागीय जानकारी के अनुसार यहां सिजेरियन प्रसूति सुविधा उपलब्ध होने से एक परिवार का 50 हजार से एक लाख रुपये की बचत हो रही है। बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सात गंभीर गर्भवती महिलाएं प्रसूति के लिए पहुंची थीं। जिसे बागबाहरा चिकित्सक दल द्वारा उचित देखरेख के साथ सिजेरियन प्रसूति की गई।

सीएमएचओ एन के मंडपे का कहना है कि इस सरकारी अस्पताल में आपरेशन थिएटर की स्थापना के बाद सिजेरियन डिलीवरी शुरू हो गई है। इस आपरेशन थिएटर में सर्जरी की सभी सुविधा उपलब्ध होने से लोगों को भटकना नहीं पड़ रहा है। पूर्व में सरकारी अस्पताल को लेकर क्षेत्रवासियों का भरोसा कम था। अब सर्जरी सुविधा को व्यवस्थित करने के पीछे बड़ा मकसद यह है कि जिला अस्पताल का लोड कम हो जाएगा। मालूम हो कि जिले में स्वास्थ्य विभाग की तरफ  से जननी सुरक्षा योजना चलाई जा रही है। जिसमें प्रसव के बाद धनराशि भी दी जाती है। इस योजना के तहत ग्रामीण इलाके की गर्भवती महिलाओं को 14 सौ रुपए और शहरी क्षेत्र की महिलाओं को हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके साथ ही गर्भवती महिलाओं को अस्पताल तक लाने के लिए मितानिन और कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि भी दी जाती है।


अन्य पोस्ट