महासमुन्द
सरपंच, सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने एसडीएम को भेजा अनुशंसा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 30 जनवरी। विकासखण्ड के ग्राम चरौदा के सरपंच एवं सचिव द्वारा कोई छह लाख रुपये के फर्जी आहरण की शिकायत के बाद स्थानीय जनपद पंचायत द्वारा सचिव को निलंबित कर सरपंच को भी निलंबित करने की धारा 39 के तहत कार्रवाई के लिए एक अनुशंसा पत्र स्थानीय एसडीएम के समक्ष प्रतुत किया है।
स्थानीय जनपद अधिकारी प्रदीप प्रधान ने बताया कि ग्राम पंचायत चरौदा के सरपंच पांडुराम वरिहा के द्वारा ग्राम पंचायत की बैठक आयोजित नहीं करने एवं 15 वें वित्त मद की राशि का बिना पंचायत प्रस्ताव के ऑनलाईन भुगतान कराने में लापरवाही बरतने के कारण छग पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 39 के तहत निलंबन की कार्रवाई करने के संबंध में स्थानीय एसडीएम के समक्ष अनुसंशा पत्र भेजा गया है, वहीं सचिव को प्रथम दृष्टया लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
ग्राम पंचायत चरौदा के पंचों द्वारा सचिव पन्नालाल कंवर एवं सरपंच पाण्डुराम वरिहा के विरूद्ध की गई शिकायत के संबंध में 25 जनवरी को ग्राम पंचायत भवन चरीदा में उपस्थित होकर सरपच सचिव एवं शिकायतकर्ताओं के बयान लिया गया है। उक्त बयानों का प्रारम्भिक रूप से परीक्षण एवं जांच करने पर पाया गया कि ग्राम पंचायत चरीदा के सरपंच पाण्डुरंम बरिहा द्वारा दिये गये बयान अनुसार ग्राम पंचायत चरौदा में सरपंच एवं सचिव के द्वारा पिछले 1 वर्ष से ग्राम पंचायत की मासिक बैठक एवं ग्रामसभा बैठक आयोजित नहीं किया गया है, तथा 15 वे वित्त मद के तहत ग्राम पंचायत की बिना पंचायत प्रस्ताव किये ग्राम पंचायत के बैंक खाते से कुल राशि 35100000 रूपये भुगतान एवं 5 जनवरी 2022 को कुल राशि 153520.00 रूपये डीएससी के द्वारा ऑनलाईन फर्जी ढंग से भुगतान कराया गया है जो कि उक्त भुगतान की गयी राशि की एन्ट्री में दर्ज होना पाया गया है। इस प्रकार ग्राम पंचायत चरौदा के सरपंच एवं सचिव द्वारा 15 में वित्त आयोग की शासकीय राशि का दुरुपयोग कर अनियमितता की गयी है। ग्राम पंचायत चरौदा के सरपंच एवं सचिव को ग्राम पंचायत की बैठक, ग्रामसभा की बैठक का आयोजन नहीं करने एवं 15 वें वित्त राशि का दुरूपयोग किये जाने के कारण संयुक्त रूप से दोषी होना पाया गया है।
अत: ग्राम पंचायत चरौदा के सरपंच पाण्डुराम वरिहा के द्वारा अपने पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में अवचार का दोषी मनाते हुये उनके विरूद्ध छ.ग. पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 39 के तहत् निलंबन की कार्रवाई किए जाने हेतु प्रतिवेदन एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
ग्रामीणों ने की थी शिकायत
ग्राम पंचायत चरौदा के ग्रामीणों एवम ग्राम पंचायत के पंचों ने एक साथ उक्त शिकायत जिला पंचायत में की थी। शिकायत के बाद जिला सीईओ ग्राम चरौदा पहुंच कर मामला संज्ञान में लिया था, इसके बाद जिला सीईओ ने पिथौरा जनपद अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों द्वारा की गई शिकायत के अनुसार ग्राम पंचायत चारौदा में सचिव पन्नालाल कवर के कार्यभार लेने से अब तक लगभग 1 वर्ष तक गांव में ग्राम सभा नहीं हुआ है, लेकिन सरपच पण्डुराम बरिहा सचिव पन्नालाल कवर के मिलीभगत से 15 वे वित्त आयोग और पेंशन राशी आहरण हो चुका है। किन्तु पेंशन राशी वितरण नहीं किया गया है मानदेय राशि भी नहीं दिया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार इसके सम्बंध में 17 अगस्त 21 को वे सूचना दे चुके है। परन्तु पिथौरा जनपद द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई । इसके बाद ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ के पास शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया है कि सरपंच सचिव द्वारा फर्जी अहारण कबुला गया है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। 5 जनवरी 22 को लगभग 2 लाख रूपये फर्जी प्रस्ताव कर फिर पैसा निकाला गया है।