महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। जिले में कल शनिवार को कोरोना के 67 नए संक्रमितों की पहचान हुई है। जनवरी माह के पहले सप्ताहांत के बाद से ही गौरतलब है कि जिले में कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं और रोजाना बड़ी संख्या में मरीजों की पहचान हो रही है। वहीं जिला अस्पताल के साथ-साथ तहसील मुख्यालयों के सीएचसी के ओपीडी में भी सर्दी, खांसी, बुखार वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
जिनका कोरोना टेस्ट कराने के बाद अधिकांश की रिपोर्ट पॉजिटिव आ रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम रोजाना मिल रहे नए मरीजों का कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग भी कर रही है, ताकि समय रहते कोरोना के दबाव को कम किया जा सके। जिले में वर्तमान में पॉजिटिविटी दर 6.96 फीसदी है।
जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की शुरुआत जनवरी से ही हुई है। जनवरी माह में ही 29 दिनों में कुल 1103 कोरोना संक्रमितों की पहचान हुई है। हालांकि जनवरी के शुरुआती तीन दिनों में कोरोना के एक भी मरीज नहीं मिले थे,जिसके बाद चार जनवरी से लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या में इजाफा होता गया, हालांकि कोरोना से राहत की बात यह है कि लहर आने के बाद संस्थागत स्वास्थ्य सुविधाओं पर अभी ज्यादा दबाव नहीं पड़ रहा है और अधिकांश संक्रमितों का इलाज घर पर ही चल रहा है।
महासमुंद जिले में मई 2020 से लेकर मई 2021 के अंत तक जिले में कोरोना के चलते कुल 366 लोगों की मौतें हुई थीं। इसके बाद नवंबर और जनवरी माह में कोरोना से तीन लोगों की मौत हुई है। लहर के पहले ही नवंबर माह में सरायपाली के एक व्यक्ति की मौत लंबे इलाज के बाद हुई थी। इसके बाद 24 जनवरी को पिथौरा निवासी वृद्ध महिला की मौत हुई थी और 27 जनवरी को एक 36 वर्षीय युवक की मौत कोरोना से हुई।