महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। ओवरब्रिज के रिटर्निंग वॉल निर्माण की जद में आने वाले राइजिंग पाइपलाइन की शिफ्टिंग का काम पूरा हो गया है। परसों गुरूवार की शाम से शुरू हुआ शिफ्टिंग का काम देर रात तक चला। कल शुक्रवार को पाइपलाइन को जोडऩे का काम पूरा किया गया। कहाजा रहा है कि पाइपलाइन के शिफ्ट होने के बाद से ओवरब्रिज के रिटर्निंग वॉल के निर्माण का काम एक बार फिर से तेजी से किया जाएगा।
मालूम हो कि अंबेडकर चौक के पास जिस जगह ओवरब्रिज के लिए रिटर्निंग वॉल का निर्माण किया जाना है, वहां से नगर में पेयजल सप्लाई के लिए राइजिंग पाइपलाइन गुजरी हुई थी। राइजिंग पाइपलाइन के कारण ही रिटर्निंग वॉल का काम शुरू नहीं हो पा रहा था। ओवरब्रिज निर्माण का कार्य करने वाली एजेंसी की ओर से पाइपलाइन को शिफ्ट करने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए नगर पालिका से पत्राचार किया गया। आखिरकार परसों गुरूवार को राइजिंग पाइपलाइन को शिफ्ट करने का काम शुरू हुआ। इसके लिए शाम को मुख्य राइजिंग लाइन से पेयजल आपूर्ति को रोकी गई। इसके बाद काम शुरू किया गया, जो रात 12 बजे पूरा हुआ।
जल विभाग के सेतराम साहू ने बताया कि शिफ्टिंग के लिए पालिका की टीम लगी हुई थी। शुक्रवार को राइजिंग पाइप से आसपास के सप्लाई लाइन को जोडऩे का काम पूरा किया गया। मालूम हो कि ओवरब्रिज के रिटर्निंग वॉल को तैयार करने के लिए दो प्रमुख बाधाएं निर्माण एजेंसी के सामने थीं। इसमें सबसे प्रमुख पालिका की पेयजल आपूर्ति की राइजिंग पाइपलाइन और दूसरी मौके पर मौजूद नाला है। राइजिंग पाइपलाइन को शिफ्ट करने का काम पूरा हो गया है। अब ओवरब्रिज के पास से गुजरे बड़े नाले को डायवर्ट करने का प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लिए नाले को ब्रिज के पीछे से गुजरे नाले से बड़े सीमेंट के पास से जोड़ दिया जाएगा, ताकि शहर से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी आसानी से हो सके।


