महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 जनवरी। सरायपाली पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए 3 युवकों के पास से नशीली टेबलेट, इंजेक्शन और इस्तेमाल की जानी वाली सिरिंज बरामद की है। तीनों युवकों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। सरायपाली थाना प्रभारी आशीष वासनिक ने बताया कि काफी दिनों से क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के बारे में जानकारी मिली रही थी। सूचना को लेकर पुलिस पहले से अलर्ट थी। इसके लिए मुखबिर भी लगाए थे। परसों गुरूवार की शाम को मुखबिर से सूचना मिली की भंवरपुर रोड अटल आवास के पास तीन व्यक्ति नशीली दवा रखे हुए हैं। तीनों इसे बेचने की फिराक में हैं और ग्राहक तलाश कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया। इसमें वार्ड क्रमांक.12 ताज नगर निवासी रूपेश महापात्र, वार्ड क्रमांक.7 झिलमिला निवासी रोहित यादव और वार्ड.11 बाजारपारा निवासी शेख फैयाज शामिल हैं। पुलिस को तीनों के पास से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों का इंजेक्शन और अलग-अलग कंपनियों की नशीली दवाओं के टेबलेट मिले। सभी दवाओं को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की कार्रवाई की गई।


