महासमुन्द
महासमुंद विकासखंड में सर्वाधिक 28 कोरोना मरीज मिले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जनवरी। महासमुंद जिले के बसना ब्लॉक के 36 वर्षीय युवक के कोरोना से संक्रमित होने के बाद झोला छाप डाक्टर से इलाज कराते रहे और अंत में उसकी मौत हो गई। गुरूवार को राजधानी के एक निजी अस्पताल में युवक ने अंतिम सांसें ली। मालूम हो कि जनवरी महीने से ही महासमुंद जिले में भी कोरोना की तीसरी लहर ने रफ्तार पकड़ी है और रोजाना बड़ी संख्या में संक्रमितों की पहचान हो रही है। शुक्रवार को जिले में 76 नए संक्रमित पाए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक जनवरी माह में ही कोरोना संक्रमण से दो लोगों को मौत भी हुई है। परसों गुरूवार से पहले 24 जनवरी को एक वृद्ध महिला की मौत भी कोरोना संक्रमण से हुई थी। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गुरूवार को जान गंवाने वाले युवक ने बहुत हद तक लापरवाही बरती है। युवक ने कोरोना टीके की एक भी डोज नहीं लगवाई थी और साथ ही कोरोना संक्रमण के लक्षण मिलने के बाद बसना क्षेत्र के ही ऐसे व्यक्ति से जिसके पास पर्याप्त डिग्री नहीं है, से सलाह लेकर और खुद से ही लगभग चार दिनों से उपचार करता रहा है। उपचार के बाद भी किसी भी प्रकार की कोई सुधार नजर नहीं आने और गंभीर होते स्थिति को देख बसना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे तुरंत ही राजधानी के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। राजधानी के अस्पताल पहुंचने के कुछ ही घंटे बाद युवक ने दम तोड़ दिया।
इसी तरह 24 जनवरी को महिला की मौत के मामले में जानकारी मिली है कि उन्हें पहले से ही विभिन्न प्रकार की समस्याएं थीं। 67 वर्षीय पिथौरा निवासी मृतक महिला ने कोरोना टीके का दोनों डोज लगवाए थे। हालांकि उन्हें बीपी, शुगर, हार्ट समस्या के साथ पैर में गैंगरीन की समस्या भी थी। साथ ही महिला उम्रदराज थीं। जिसके कारण उनकी मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हो गई। कल शुक्रवार को कुल 76 कोरोना से नए संक्रमितों की पहचान हुई है। वहीं 62 लोग कोरोना से स्वस्थ भी हुए हैं। शुक्रवार को कुल 908 सैंपल की जांच की गई। शुक्रवार को सर्वाधिक 28 महासमुंद ब्लॉक से संक्रमित मिले। वहीं बागबाहरा ब्लॉक से 18, पिथौरा से 11, बसना से 6 और सरायपाली ब्लॉक से 13 संक्रमितों की पहचान हुई है। जिले में अब तक 32436 कोरोना से संक्रमित हुए हैं और 31584 ने इसे हराया है।
डॉ छत्रपाल चंद्राकर ने बताया कि गुरूवार को बसना ब्लॉक के युवक की मौत के मामले में बड़ी लापरवाही सामने आई। जिसमें युवक ने कोरोना की एक भी डोज नहीं लगवाई थी। वह लक्षण मिलने के बाद भी किसी डॉक्टर से सलाह लिए बिना ही खुद से उपचार कर रहा था। तबीयत ज्यादा बिगड़ी तब अस्पताल गया जहां से राजधानी रेफर कर दिया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। मालूम हो कि जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना मामलों को देखते हुए प्रशासन भी काफ ी सक्रिय हो गया है। बिना मास्क के लापरवाही पूर्वक यातायात करने वालों की शुक्रवार को पालिका कार्यालय के सामने धर.पकड़ और चालानी कार्रवाई की गई। कार्रवाई के साथ-साथ कर्मचारियों ने लोगों को समझाईश भी दी की वैक्सीनेशन और मास्क ही कोरोना से बचने का एकमात्र रास्ता है। इस दौरान बहुत से लोगों का चालान काटा गया।