महासमुन्द
शिकायत छिपाकर रखने वाली महिला आरक्षक लाइन अटैच
युवक पर मामला दर्ज हो, नहीं तो होगा उग्र आंदोलन- सर्व समाज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 जनवरी। महासमुंद के नजदीकी गांव की आदिवासी युवती को ले जाने की शिकायत को छिपाकर रखने वाली महिला आरक्षक साइमा अंजुम अंबिलकर को लाइन अटैच कर दिया गया है, जबकि आरोपी युवक को छोड़ दिया गया है। युवती के परिजनों ने कोतवाली में युवती को बहला फुसलाकर अपने साथ ले जाने वाले युवक पर मामला दर्ज की मांग की थी। युवक पर मामला दर्ज होने वाले प्रश्न पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने स्पष्ट किया है कि परिजनों के सामने युवती ने बयान दिया है कि वह अपनी मर्जी से नजीरुद्दीन के साथ गई थी और चुंकि युवती बालिग है, इसलिए युवक पर कोई मामला नहीं बनता।
युवक के साफ छूट जाने पर युवती के परिजन और सर्व समाज के पदाधिकारी न्यायालय सहित कई स्थानों पर न्याय की मांग करने के साथ-साथ आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं और ‘छत्तीसगढ़’ से कहा है कि एक शादीशुदा युवक किसी भी बेटी के साथ इस तरह हरकत नहीं कर सकता। इसकी छूट न तो कानून ने किसी को दिए हैं और न ही कि सी समाज को। युवक ने जिम्मेदार होते हुए भी अलग धर्म की कुंवारी युवती को फंसाया है। इसलिए उस पर मामला भी दर्ज होना चाहिए।
मालूम हो कि युवती के पिता ने अपनी बेटी के गुम होने संबंधी आवेदन कोतवाली थाने में दिए थे। इसे अधिकारियों के संज्ञान में नहीं लाया गया। ग्रामीणों, स्वजनों ने सर्व हिंदू समाज से संपर्क साधा और सर्व हिंदू समाज सक्रिय हुआ। तब पुलिस प्रशासन हरकत में आया। अधिकारियों का कहना था कि उन्होंने आवेदन ही नहीं दिया है। पीडि़त परिवार द्वारा गुमशूदगी दर्ज की पावती दिखाने पर पता चला कि महिला आरक्षक साइमा ने आवेदन छिपा रखा है। आनन-फ ानन में प्रशासन द्वारा कार्रवाई की गई। रातों-रात मुसलमान युवक और युवती को बरामद कर थाने में लाया गया।
युवती के चाचा का आरोप है कि महासमुंद कोतवाली पुलिस को लडक़ी के लापता होने की सूचना उन्होंने 26 जनवरी को दी थी। उक्त नामदज रिपोर्ट वाले आवेदन को कोतवाली पुलिस ने आला अफसरों से छिपाकर रखा था। परिजनों का आरोप है कि कोतवाली पुलिस का इस मामले में आरोपी को संरक्षण है। पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करने कल दोपहर 3 बजे कनेकेरा गांव के पुरुष, महिलाएं और युवा कंट्रोल रूम पहुंचे थे। जहां अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक मेघा टेंभुरकर ने युवती को कंट्रोल रूम परिसर में ही परिजनों को सौंप दिया।
यह है मामला
कनेकेरा गांव की युवती महासमुंद स्थित सोहम अस्पताल में नर्स का काम करती हैं। उसी अस्पताल नजरुद्दीन नाम का युवक की काम करता है। पहले ही आरोपी युवक की दो शादियां हो चुकी है। बावजूद कनेकेरा की युवती से उसने प्रेम किया। युवती प्रतिदिन गांव से आकर महासमुंद अस्पताल आकर ड्यूटी करती थी और हर शाम घर को वापस हो जाती थी। लेकिन बीते 23 जनवरी की शाम वह घर नहीं लौटी। मोबाइल पर चाचा ने बात की तो युवती ने कहा कि एक नर्स की तबीयत खराब होने की वजह से उसके स्थान पर ड्यूटी बजा रही हूं। दूसरे दिन भी यही हुआ और वह घर नहीं लौटी। घर वालों ने 25 जनवरी को पता लगा लिया कि युवती नजरुद्दीन के साथ है। इसके बाद मोबाइल से बातचीत के दौरान युवती ने परिजनों को साफ कह दिया कि-मैं नजीरुद्दीन से शादी करना चाहती हूं, अभी उसी के साथ उसके घर में हूं। फोन पर परिजनों ने युवती को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी।
इसके बाद 26 जनवरी को परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराया। परिजनों के घर लौटते ही उनका आवेदन कचरे के डिब्बे में चला गया। एसपी डीएसपी को इसकी कानों कान खबर नहीं लगी। पुलिस को कुछ नहीं करते देख परिजनों ने गांव वालों के सामने यह बात रखी और गांव वालों ने आदिवासी समाज का साथ देते हुए इसकी सूचना सर्व समाज और बजरंग दल के जिला पदाधिकारियों को दी। पदाधिकारियों ने एसपी डीएसपी से इस बाबत बात की तब पता चला कि आला अफसरों तक युवती के परिजनों का आवेदन पहुंचा ही नहीं है। बातचीत के दौरान पदाधिकारियों ने मुलाकात का समय मांगकर एडिशनल एसपी से युवती को वापस परिजनों को सौंपने की मांग की।
इस तरह युवती के परिजनों को मुलाकात का समय देकर महासमुंद पुलिस ने नजरुद्द्ीन को सूचना भेजकर युवती को कंट्रोल रूम पहुंचाने कहा। युवती कंट्रोल रूम पहुंची और कनेकेरा वाले भी बजरंग दल, सर्व समाज के पदाधिकारियों समेत पहुंचे। यहां पहुंचे आदिवासी समाज के लोगों ने छत्तीसगढ़ को बताया कि पुलिस उनसे नहीं मिलना चाहती थी, सिर्फ प्रतिनिधियों से मिलकर बातें करना चाहती थी। हमने अपना प्रतिनिधि एसपी दफ्तर में भेजकर सीधे कंट्रोल रूम में पहुंचना उचित समझा। क्योंकि युवती यहीं थी। गांव वाले महिला, पुरुष, युवा भीड़ में कंट्रोल रूम पहुंचे और नारेबाजी करते रहे। इसी बीच अतिरिक्ति पुलिस अधीक्षक मेघा टेम्भुरकर कंट्रोल रूम पहुंची और महिला परिजनों को भीतर बुलाकर युवती से बात करने कहा। बातचीत के दौरान युवती परिजनों के साथ जाने के लिए राजी हो गई।