महासमुन्द
महासमुंद,21 जनवरी । सरायपाली में बिजली विभाग की ओर से बकाया राशि वसूली के लिए गुरूवार से विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके तहत कुल 8 अधिकारियों के नेतृत्व में 32 कर्मचारियों की 8 टीमों ने बकायादारों के घरों में पहुंचकर बिजली कनेक्शन काटे। विभाग की ओर से शुरू की गई इस बिजली काटने की कार्रवाई शुरू होने की खबर पाते ही बड़ी संख्या में लोग अपने देयकों के निराकरण के लिए बिजली दफ्तर पहुंचने लगे। यहां उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तत्काल निराकरण कर उपभोक्ताओं की समस्याओं का निपटारा किया। बिजली विभाग से मिली जानकारी के अनुसार एक ही दिन में सरायपाली शहर के 130 बकायादारों की लाइन काट दी गई। इन पर कुल 28 लाख रुपए का बकाया था। अधिकारियों ने बताया कि इनके द्वारा लंबे समय से देयकों का भुगतान नहीं किया जा रहा था। अभियान के फलस्वरूप जहां मासिक ड्यू डेट में 3 लाख रुपए साधारणत: प्राप्त होता है, वहीं एक दिन में बकायादारों द्वारा 10 लाख रुपए का भुगतान एटीपी में किया गया।