महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,10 जनवरी। क ोरोना संक्रमण की बढ़ती रफ्तार के बीच रविवार को दो पालियों में शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित हुई। प्राइमरी व मिडिल कक्षा के शिक्षक की पात्रता के लिए व्यावसायिक मंडल की ओर से जिले के 56 केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में 9276 परीक्षार्थी शामिल हुए। इसमें से 3494 ने परीक्षा छोड़ दी। भावी शिक्षकों को जहां हिंदी व्याकरण ने उलझाया वहीं गणित के सवालों ने खूब परेशान किया। परीक्षा कोरोना गाइडलाइन के साथ आयोजित थी। सभी को मास्क पहनने के बाद ही केंद्रों में प्रवेश दिया गया।
परीक्षा के लिए पहली पाली में 31 व दूसरी पाली के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक हुई। इसमें 1927 परीक्षार्थियों ने परीक्षा नहीं दी। इसी प्रकार दूसरी पाली में भी 1581 ने परीक्षा नहीं दी। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4.45 बजे तक आयोजित हुई। यह परीक्षा मिडिल यानी छटवीं से आठवीं तक अध्यापन कराने की पात्रता परखने के लिए थी।
नोडल अधिकारी एसके टंडन ने बताया कि परीक्षा का आयोजन दो पालियों में हुआ। कोविड का ध्यान रखते हुए मास्क पहनकर ही प्रवेश दिया गया है। 12 हजार 772 ने पंजीयन कराया था, लेकिन परीक्षा 9 हजार 276 ने ही दी है। भावी शिक्षकों को हिंदी, व्याकरण व गणित के सवालों ने उलझाया। परीक्षार्थियों ने बताया कि पहली पाली के पेपर में बाल विकास एवं शिक्षा, भोतिकी शास्त्र, गणित व हिंदी के प्रश्न कठिन थे। वहीं कुछ लोगों ने दूसरी पाली के पर्चे में हिंदी व गणित के सवालों को कठिन बताया।