महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जनवरी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डा. रश्मि चंद्राकर ने ब्लाक कांग्रेस कमेटी के समस्त अध्यक्ष एवं कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों की बैठक ली और सदस्यता अभियान की शुरुआत की। डा. रश्मि चंद्राकर जिलाध्यक्ष ने बागबाहरा में कांग्रेसजनों की बैठक लेकर कांग्रेस सदस्यता अभियान को गति लाने के लिए दिशा निर्देश जारी किया।
उन्होंने कहा कि विगत दिनों प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी पीएल पूनिया के द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि समस्त कांग्रेस जनों को सदस्यता अभियान में बढ़ चढक़र हिस्सा लेना है और कांग्रेस को प्रदेश में पुन: स्थापित करना है। उनके द्वारा दिए निर्देश का सभी को पालन करना है।
डा. रश्मि ने कहा कि जितने ब्लाक अध्यक्ष एवं कांग्रेस प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी संगठन के इंटरनेट मीडिया के सदस्य हैं, सभी इस मुहिम में कंधे से कंधा मिलाकर साथ निभाएं, तभी यह सदस्यता अभियान समय पर सफल होगा। आगामी 25 जनवरी तक यदि लक्ष्य है पूरा कर लेते हैं तो हमारे लिए और आप सभी के लिए एक अच्छी शुरुआत मानी जाएगी। बैठक में कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष खिलावन बघेल, ढेलू निषाद, रवि निषाद, भूपेंद्र ठाकुर, आरएन आदित्य, बलराम भोई, पुष्पेंद्र पटेल, महिला अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर, संतोष पटेल, सीता पटेल एवं जितेंद्र सिदार ने अपने-अपने ब्लाक में सदस्यता अभियान के संदर्भ मजबूत लाने के लिए विचार रखे।