महासमुन्द

कबाड़ के नीचे एक करोड़ 40 लाख का गांजा छिपाकर दिल्ली ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार
10-Jan-2022 12:21 PM
कबाड़ के नीचे एक करोड़ 40 लाख का गांजा छिपाकर दिल्ली ले जाते दो आरोपी गिरफ्तार

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 जनवरी।
कोमाखान पुलिस ने टेमरी चेकपोस्ट के पास कबाड़ से भरे ट्रक से 7 क्विंटल गांजा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों ही आरोपी हरियाणा के रहने वाले हैं। वे ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत एक करोड़ 40 लाख रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजा सहित परिवहन में प्रयुक्त 8 लाख कीमती ट्रक को जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज कर दोनों को जेेल भेज दिया गया है।

कोमाखान थाना प्रभारी सिद्देश्वर प्रताप सिंह के मुताबिक गांजा तस्करी को देखते हुए टेमरी चेकपोस्ट पर लगातार वाहनों की जांच जारी है। शनिवार की रात 9 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक ट्रक में गांजा छिपाकर आरोपी ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सभी वाहनों की जांच बारीकी से शुरू की गई। जांच के दौरान ओडिशा की ओर से एक ट्रक क्रमांक एचआर 74 ए 6560 चेकपोस्ट के पास पहुंची। ट्रक को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें कबाड़ भरा हुआ था। कबाड़ हटाकर ट्रक की तलाशी ली गई। नीचे बोरियां दिखीं। इन बोरियों को बाहर निकालकर देखा तो इसमें गांजा भरा हुआ था।

ट्रक में सवार ग्राम झिमरावत थाना पिनगुवा जिला मेवात हरियाणा निवासी रिजवान सक्का (20), निजाकत सक्का (28)को गिरफ्तार किया गया।

मालूम हो कि साल 2022 में भारी तादात में गांजा पकडऩे का यह पहला मामला है। दो दिन पहले ही बलरामपुर पुलिस ने एक ट्रक से 16 क्विंटल गांजा पकड़ा था। तस्कर सब्जी के नीचे गांजा छिपाकर यूपी ले जा रहे थे। पूछताछ के दौरान पकड़े गए चालक ने बताया था कि वह ओडिशा से गांजा लेकर महासमुंद के रास्ते यहां तक पहुंचा था। इस बार आरोपी कबाड़ के नीचे 1.40 करोड़ रुपए का गांजा छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास कबाड़ परिवहन के लिए बकायदा बिल्टी भी थी। चालक और परिचालक कबाड़ लेकर ओडिशा  से निकलने वाले थे कि हरियाणा के तस्करों से उनका संपर्क हुआ। तस्करों ने दोनों को ओडिशा से गांजा भरने की बात कह दिल्ली में छोडऩे के लिए राजी किया। इसके बाद दोनों आरोपी मुनिगुडा ओडिशा पहुंचे। यहां ट्रक में 27 बोरियों में 700 क्विंटल गांजा भरा और उसे कबाड़ के नीचे छुपा दिया था।  


अन्य पोस्ट