महासमुन्द

महासमुंद, 9 जनवरी। महासमुंद सहकारी समिति कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियों की चेतावनी के बाद धान उपार्जन केंद्र व संग्रहण केंद्र से धान के उठाव में तेजी आई है। पांच दिनों में 5 लाख क्विंटल धान का उठाव मिलिंग व संग्रहण केंद्र के लिए हुआ है। उठाव में तेजी आने के बावजूद समितियों की स्थिति खराब है। आधे से अधिक समितियों में धान खरीदी के लिए जगह नहीं है।
वहां के समिति प्रबंधक परेशान हैं। क्योंकि धान खरीदी बंद होने में दो सप्ताह ही शेष रह गया है। तय दिनों में खरीदी मुश्किल है। महासंघ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू का कहना है कि चेतावनी के बाद उठाव तो हुआ है, इसलिए आज रविवार को समिति के पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें तय होगा की बहिष्कार करेंगे या नहीं। इस मामले में डीएमओ जयदेव सोनी का कहना है कि उठाव में तेजी आई है। उठाव की गति तेज है। आने वाले दिनों में भी इसी रफ्तार से उठाव होगा। डीओ और टीओ जारी किया गया है।