महासमुन्द

दो महीने से लीकेज राइजिंग पाइप की मरम्मत
08-Jan-2022 3:21 PM
दो महीने से लीकेज राइजिंग पाइप की मरम्मत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जनवरी।
शहर के मध्य से गुजरी राइजिंग पाइप में पिछले दो महीने से लीकेज थी। पालिका ने शुक्रवार को मरम्मत कराकर लीकेज को बंद कर दिया है। इस मरम्मत कार्य को करने में पालिका की टीम को करीब पांच घंटे लगे। इस दौरान टीम ने शहर के मध्यम से गुजरी एनएच-353 कोतवाली से दूरभाष केंद्र तक वन-वे किया गया था। आवागमन में थोड़ी दिक्कत जरूर हुई, लेकिन लीकेज की समस्या से नगरवासियों को राहत मिल गई है।

दो महीने राइजिंग पाइप में लीकेज थी। इस वजह से दूरभाष केंद्र के सामने की सडक़ खराब हो रही थी। पाइपलाइन से पानी लीक होने के चलते सडक़ धीर-धीरे जमीन में धंस रही थी। एक साल पहले इस मार्ग का डामरीकरण हुआ था। मुख्य सडक़ होने के कारण यहां यातायात अधिक रहता था। कल शुक्रवार के दिन मार्केट बंद होने के कारण आवागमन कम हुआ तो मरम्मत का कार्य कराया गया।

नगर पालिका के जल विभाग के कर्मचारियों की मानें तो महानदी से पानी राइजिंग पाइप में बहुत प्रेशर से आता है। इसकी वजह से दो पाइपों के बीच लगी रबर खराब हो गई थी, यानी टूट गई थी। इसी वजह से पानी लीक होकर पाइप से बाहर आ रहा था। अब दोनों पाइपों के बीच जो गैप था उसे बंद कर दिया गया है। महानदी का पानी इसी राइजिंग पाइप लाइन के सहारे शहर के 6 ओवरहेड टैंकों में भरता है। इनमें बस स्टैंड, अंबेडकर चौक, पिटियाझर, नेहरू चौक, रावण भांठा, मौहारीभांठा शामिल हैं। दूरभाष केंद्र के सामने राइजिंग पाइप लीक होने से गंदा पानी रिसकर तीन ओवरहेड टैंक नेहरू चौक, रावण भांठा व मौहारीभांठा की टंकी में जा रहा था। इस तरह पिछले दो महीने से शहर के तीन ओवरहैड टैंक में प्रदूषित पानी भर रहा था।
 


अन्य पोस्ट