महासमुन्द
गरम भोजन, रसोई घर के साथ ही जरूरी सुविधाओं को देखा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 4 जनवरी। अतिरिक्त सचिव भारत सरकार निधि छिब्बर ने आकांक्षी जिला समीक्षा बैठक के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पटेवा और आंगनबाड़ी केन्द्र जलकी का अवलोकन किया।
उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र पटेवा में दवा काउंटर से लेकर ओपीडी, नेत्र जांच कक्ष, टीकाकरण कक्ष सहित आईसोलशन कक्ष आदि भी देखा। उन्होंने मरीजों को दी जा रही उपचार व्यवस्था संबंधी जानकारी ली। उन्होंने संस्थागत प्रसव के बारे में भी पूछा। उनके साथ कलेक्टर डोमन सिंह, सीईओ जिला पंचायत एस आलोक,मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनके मंडपे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास समीर पांडेय मौजूद थे।
श्रीमती छिब्बर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की साफ.सफाई और मरीजों के बेहतर उपचार की सराहना की और आगे भी ऐसे ही डॉक्टर और स्टॉफ को काम करने की बात कही। उन्होंने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के लिए मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं आदि के माध्यम से लोगों को खासकर कमार जाति के महिलाओं को जागरुक करने कहा। अतिरिक्त सचिव भारत सरकार श्रीमती छिब्बर ग्राम जलकी में स्थित आंगनबाड़ी केन्द्र जाकर शिशुवती और गर्भवती महिलाओं से मिली। उनसे दिए जा रहे गरम भोजन आदि की जानकारी ली। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र में रसोई घर के साथ ही जरूरी सुविधाओं को भी देखा।
महिला बाल विकास अधिकारी श्री पांडेय ने जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों में कमार जाति के बच्चों और महिलाओं को दिए जा रहे उबला अण्डे के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बच्चों में कुपोषण और एनीमिक महिलाओं की दर में पिछले एक साल में गिरावट आई है।