महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3जनवरी। कोमाखान स्वास्थ्य केंद्र में नव वर्ष पर सास बहू सम्मेलन शनिवार को आयोजित किया गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन व स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस नवीन कार्यक्रम में जिले में पहली बार इस तरह का सास बहू के एक साथ कार्यक्रम का सम्मेलन कराया गया। परिवार नियोजन के कार्यक्रम को और मजबूत करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस अनूठी पहल की शुरुआत की गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी डाण्आर कुरुवाशी द्वारा कार्यक्रम का शुभारंभ नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ लोगो का स्वागत कर किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ब्लॉक में पहली बार एएनएम व मितानिनों के माध्यम से सास बहू के सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इस सम्मेलन में नवागंतुक बहू व सास के मध्य समन्वय व संवाद स्थापित कर उनके पारस्परिक अनुभवों के आधार पर परिवार नियोजन कार्यक्रम को और भी अधिक रुचिकर बनाना है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा से आए कार्यक्रम नोडल अधिकारी हेम सागर सोनकर व एम चौधरी ने बताया की आने वाले समय में खेल व प्रश्नोत्तरी के माध्यम से इस कार्यक्रम को और भी रोचक बनाया जाएगा।
वर्तमान में परिवार में सभी निर्णयों में पुरुषों की अहम भूमिका रहती है लेकिन इस तरह सम्मेलनों के बाद प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति लोगों की अपनी अवधारणाओं, व्यवहार व विश्वास में बदलाव आएगा। सम्मेलन में 30 गांवों से मितानिन कार्यकर्ताओं के साथ डेढ़ सौ के करीब नवविवाहित दंपति, एक वर्ष के अंदर उच्च जोखिम गर्भावस्था वाली महिलाएं, परिवार नियोजन के साधन न अपनाने वाली महिलाएं व अन्य महिलाओं को शामिल किया गया था।