महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 3जनवरी। कोरोना से बचाव एवं बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जिले में 15 से 18 वर्ष के किशोर-किशोरियों को आज सोमवार 3 जनवरी से कोविड के टीके लगाए जा रहे हैं। उक्त आयु वर्ग के विद्यार्थियों के टीकाकरण के लिए हायर सेकेण्डरी स्कूलों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शिविर में 18 साल से अधिक आयु के हितग्राही भी प्रथम और द्वितीय खुराक का टीकाकरण करवा सकेंगे। इसके लिए जिले में 158 साइट बनाई गयी है। हर स्कूल में न्यूनतम 120 टीके लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कलेक्टर डोमन सिंह ने आज 3 जनवरी सोमवार से शुरू होने वाले टीकाकरण अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिले के सभी एसडीएम को निर्देशित किया है कि वे अपनी सुविधा अनुसार आज कम से कम एक-एक स्कूलों का निरीक्षण करेंगे एवं अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। महासमुंद जिले में लगभग 66 हज़ार 15 से 18 आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों को कोविड से सुरक्षा के टीके लगाए जाएंगे। किशोर-.किशोरियों के लिए केवल को.वैक्सीन टीके का ही विकल्प रहेगा।
जिले में कुल 65321 बच्चों को वैक्सीन की पहली डोज लगाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसमें सर्वाधिक बच्चे महासमुंद ब्लाक में हैं। इनकी संख्या15790 है। पिथौरा में 12370, सरायपाली में 11707, बागबाहरा में 11249 और बसना में कुल 10217 बच्चों को संक्रमण से बचाने के लिए कोरोनारोधी वैक्सीन लगाई जाएगी। 25 हजार कोवैक्सीन की डोज जिला को उपलब्ध करा दी गई है।
विभाग के पास छह हजार वैक्सीन की डोज पहले ही शेष है। इस तरह से वैक्सीनेशन के लिए 31 हजार डोज उपलब्ध है। बताया गया है कि पहली डोज के बाद करीब एक माह के अंतराल में दूसरी डोज लगाई जाएगी। जिले में बुजुर्गों को संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए बूस्टर डोज भी लगाई जाएगी। 10 जनवरी से बूस्टर के तौर पर बुजुर्गों को वैक्सीन की तीसरी डोज लगाई जाएगी।