महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 दिसंबर। जिले के ग्राम जलकी में बस स्टैंड के पास रविवार दोपहर रेत से भरी ओवरलोड ट्रक ने 7 साल की मासूम को रौंद दिया। ट्रक में फंसकर बच्ची का शव 20 फुट तक घसीटता चला गया। घटना से गुस्साए लोगों ने सिरपुर जलकी रोड में एक घंटे जाम कर दिया।
जानकारी के मुताबिक सिरपुर के पास के गांव जलकी निवासी विजय साहू की सात वर्षीय बेटी हिमानिया आज दोपहर एक बजे अपने घर के सामने खेल रही थी । तभी रेत से भरी ओवरलोड ट्रक रफ्तार से आई और बच्ची को रौंदते हुए निकली। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को पडक़ने की कोशिश की लेकिन ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे, सडक़ पर स्पीड ब्रेकर व नो इंट्री की मांग की। दोपहर दो बजे तुमगांव थाना प्रभारी रामावतार पटेल व सिरपुर चौकी प्रभारी हर्ष कुमार धुरंधर, तुमगांव थाना सहायक उपनिरीक्षक नीलांबर नेताम, प्रधान आरक्षक जय कन्नौज और सिरपुर चौकी प्रधान आरक्षक पवन कुमार दीवान मौके पर पहुंचे और परिजनों को किसी तरह समझा-बुझाया। ट्रक चालक के खिलाफ तुमगांव थाने में धारा 304 (ए) के तहत मामला दर्ज होने के बाद ग्रामीणों का जाम टूटा।