महासमुन्द

तस्करी से संबंधित सभी इनपुट साझा करेंगी सरहदी जिलों की पुलिस
18-Dec-2021 4:38 PM
तस्करी से संबंधित सभी इनपुट साझा करेंगी सरहदी जिलों की पुलिस

महासमुंद,18 दिसंबर। महासमुंद के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल ने बताया कि ओडिशा की पुलिस के साथ दूसरे दौर की बैठक हुई है। इसके पहले छग और ओडिशा के डीजीपी की बैठक हुई थी, जिसमें दोनों राज्यों की पुलिस मिलकर गांजा तस्करी रोकने पर सहमति बनी थी। इसी क्रम में आगे की बैठक दोनों राज्यों के सरहदी जिलों के एसपी के बीच में हुई है। यह तय हुआ है कि पकड़े जाने वाले आरोपी गांजा लेने वाले जो स्थान बताते हैं, उसे ओडिशा के संबंधित जिले की पुलिस से साझा की जाएगी। ताकि आगे की कार्रवाई कर सके।

ओडिशा से छग के रास्ते होने वाली गांजा तस्करी को रोकने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमावर्ती जिलों के पुलिस अधिकारियों के बीच एक बैठक आहुत हुई। बैठक में छग में पकड़े जाने वाले तस्करों से पूछताछ के दौरान जो जानकारी निकलकर आएगी, उसे ओडिशा की सीमावर्ती पुलिस से साझा करने पर सहमति बनी है। वहीं ओडिशा की पुलिस ने ऐसे इनपुट के आधार पर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

जानकारी के अनुसार गांजा तस्करी रोकने के लिए ओडिशा व छग सीमावर्ती जिलों के एसपी की बुधवार को वर्चुअल बैठक हुई। इसमें तस्करी को रोकने के लिए कार्य योजना पर चर्चा की है। नवनियुक्त डीजीपी अशोक जुनेजा के आदेश पर दोनों राज्यों की पुलिस  अधिकारियों की वर्चुअल बैठक में ओडिशा के सुंदरगढ़, बरगढ़, नुआपड़ा, झारसुगड़ा सहित छग के महासमुंद और जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक शामिल थे।

इसमें तस्करी को रोकने के लिए चर्चा के साथ जिले के प्रमुख बैरियर में नोडल अफसर तैनात कर वाहनों की जांच कराए जाने पर चर्चा हुई।
 


अन्य पोस्ट