महासमुन्द

स्कूल का नाम बदलने का विरोध, भाजपा का प्रदर्शन
11-Dec-2021 4:37 PM
स्कूल का नाम बदलने का विरोध, भाजपा का प्रदर्शन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 11 दिसंबर।
शहर के अंबेडकर स्कूल का नाम बदलकर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल किए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को भाजपा ने प्रदर्शन किया। सुबह 11.30 बजे भाजपाई अंबेडकर स्कूल पहुंचे और गेट पर ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार प्रेम साहू और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद भी भाजपाई जिला शिक्षा अधिकारी और बड़े प्रशासनिक अफसरों से मुलाकात को लेकर अड़े रहे। जब डीईओ और अन्य अफसर नहीं पहुंचे तो भाजपाई यहां कलेक्टर से मुलाकात करने कलेक्टोरेट पहुंच गए। यहां भी नारेबाजी की। भाजपा ने कहा कि हमें स्वामी आत्मानंद के नाम पर कोई आपत्ति नहीं है लेकिन पूर्व में स्कूल का नाम डॉ अंबेडकर था अत: स्कूल का संचालन उनके नाम पर ही किया जाए।

भाजपाइयों ने कलेक्टर डोमन सिंह मुलाकात कर नाम बदलने को लेकर आपत्ति जताई। कलेक्टर ने स्कूल का नाम परिवर्तित नहीं करने का आश्वासन दिया। गौरतलब है कि पटरीपार स्थित नयापारा क्षेत्र में स्थित अंबेडकर स्कूल का नाम परिवर्तित कर स्वामी आत्मानंद कर दिया गया है। भाजपाइयों ने इसे डॉ अंबेडकर का अपमान बताया।

इस दौरान पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा, जिला उपाध्यक्ष योगेश्वर राजू सिन्हा, शहर मंडल अध्यक्ष सतपाल सिंह पाली, पार्षद महेन्द्र जैन आदि भाजपाई उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट