महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 अक्टूबर। आजादी का अमृत महोत्सव के तहत ग्राम कांपा स्थित कृषि महाविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्तर पर कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा आयोजित हुई।
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, भारतीय जैव स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान रायपुर द्वारा प्रायोजित परिचर्चा एवं धान फसल प्रक्षेत्र दिवस का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र एवं कृषि महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
आयोजन जैव प्रौद्योगिकी विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार द्वारा भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। इसमें भारत के सभी आकांक्षी जिले के कृषक ऑनलाइन माध्यम जुड़े। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री विज्ञान एवं प्रौद्यागिकी एवं भू विज्ञान, सचिव विज्ञान एवं सचिव भू-विज्ञान महानिदेशक एवं महानिदेशक उपस्थित थे।
कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कृषि विज्ञान केंद्र महासमुंद के वैज्ञानिकों द्वारा विभिन्न उन्नत तकनीकी के बारे में कृषकों को जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कृषकों की समस्याओं का भी समाधान किया गया। इस कार्यक्रम में ग्राम साराडीह, अछोला, परसवानी, बरबसपुर, बिरकोनी एवं कांपा के लगभग 150 कृषक सम्मिलित हुए।
कृषकों द्वारा राष्ट्रीय चावल अनुसंधान केंद्र मनीलाए फिलिपिन्स द्वारा प्रदर्शन के लिए धान की 25 उन्नत किस्में तथा 11 बायोफोर्टीफाइड किस्मों का उनके अवधि कीट रोग व्याधि रोधक क्षमता, उत्पादन क्षमता इत्यादि उनकी रूचि के आधार पर मूल्यांकन तथा प्रक्षेत्र का भ्रमण किया गया।