महासमुन्द

रसोई गैस के बढ़ते दाम से आम उपभोक्ता काफी परेशान
10-Oct-2021 6:35 PM
रसोई गैस के बढ़ते दाम से  आम उपभोक्ता काफी परेशान

पेट्रोल की कीमत 101.65 रुपए प्रति लीटर 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 10 अक्टूबर।
रसोई गैस के बढ़ते दाम के चलते इन दिनों आम उपभोक्ता काफी परेशान हैं। हाल ही में गैस सिलेंडर के दाम में 21 रुपए की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही रसोई गैस का दाम 989 रुपए पहुंच गया है। जानकारी के अनुसार हाल ही में रसोई गैस के दाम में फिर से बढ़ोत्तरी की गई है। इस तरह अक्टूबर महीने में ही सिलेंडर के दाम में 21 रुपए का इजाफा किया गया है। इसके पहले पिछले साल भी अक्टूबर में ही सिलेंडर के दाम 20 रुपए बढ़ाए गए थे। इस साल भी अक्टूबर में 21 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में लोगों को गैस सिलेंडर के लिए 989 रुपए चुकाने पड़ रहे हैं। 

अक्टूबर 2020 से 2021 तक रसोई गैस की कीमत में 308 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर 2020 में गैस की कीमत 681 रुपए थी। इसके बाद दिसंबर में गैस की कमीत 783 रुपए हो गई। फरवरी 2021 में 21 रुपए बढ़ा और कीमत 859 रुपए पहुंच गई। इसके बाद अप्रैल में 899 रुपए, जुलाई में 924, सितंबर में 974 एवं अक्टूबर में 21 रुपए बढक़र 989 रुपए हुआ है। दूसरी ओर रसोई गैस के साथ पेट्रोल व डीजल की कीमत भी बढ़ती जा रही है। पिछले एक महीने से पेट्रोल की कीमत स्थिर थी। पिछले महीने तक पेट्रोल का दाम 99 रुपए प्रति लीटर था। दो दिनों से पेट्रोल की कीमत शतक पार कर दिया है। कल शुक्रवार को पेट्रोल की कीमत 101.65 रुपए प्रति लीटर रही। 
 


अन्य पोस्ट