महासमुन्द

स्कूलों को संक्रमण से दूर रखने शिक्षक व कर्मचारियों के लिए अलग से टीकाकरण सत्र
13-Sep-2021 8:34 PM
स्कूलों को संक्रमण से दूर रखने शिक्षक व कर्मचारियों के लिए अलग से टीकाकरण सत्र

कलेक्टर ने ली टीकाकरण की जानकारी

महासमुंद, 13 सितंबर। प्रदेश भर में स्कूलों में अब क्लासेस लग रही हैं। इन स्कूलों को संक्रमण से दूर रखने व बच्चों के सेहत को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग इन दिनों शिक्षा विभाग के शिक्षक व कर्मचारियों के लिए अलग से टीकाकरण सत्र आयोजित कर रहा है। 

गौरतलब है कि जिले में अभी भी शिक्षा विभाग के कई कर्मचारियों ने कोरोना टीका नहीं लगाया है। जिन्हें जल्द से जल्द टीकाकृत करने के उद्देश्य से बीते शनिवार को जिले भर में 14 अलग सेंटर बनाए गए, जहां शिक्षा विभाग से समन्यवय करते टीकाकरण किया गया। इसके साथ ही कुल 295 केंद्रों में टीका लगाया गया।

जिले में 18 प्लस व 45 प्लस कैटेगरी के टोटल टारगेट का 80 फीसदी लोगों को पहली डोज का टीका लगाया जा चुका है। जिले में अभी तक 6 लाख 11 हजार 683 लोगों ने कोविड की पहली डोज लगवाई है, वहीं 1 लाख 62 हजार 329 लोगों ने टीके की दूसरी डोज भी लगवा ली है। वहीं जिले के सभी निकायों के साथ सरायपाली ब्लॉक को भी शत-प्रतिशत वैक्सीनेटेड कर लिया गया है और कुछ ही दिनों में बसना ब्लॉक में भी सभी को टीका लगा दिया जाएगा।

कलेक्टर डोमन सिंह ने टीकाकरण की गति को बढ़ाने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर सर्वे कर सूची तैयार करने के लिए निर्देशित किया है। इससे छूटे हुए नागरिकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने में सहायता मिल सके। कलेक्टर ने कहा है कि टीकाकरण के लिए बचे लगभग 20 प्रतिशत लोगों की जानकारी संकलित करने व उनके बीच अगर टीकाकरण के संबंध में कोई भ्रम है तो उसके निवारण में बूथ लेवल अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कलेक्टर डोमन सिंह ने शनिवार को पिथौरा ब्लॉक के दूरस्थ गांव सुईनारा का दौरा किया और इस दौरान पात्र हितग्राहियों को वैक्सीनेटर द्वारा टीका लगाने की जानकारी ली। इस पर वैक्सीनेटर ने बताया कि आगामी एक-दो दिन में इस गांव के छूटे हुए सभी पात्र हितग्राहियों को टीकाकृत कर लिया जाएगा। कलेक्टर ने जिले के छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों से कोविड टीकाकरण कराने की अपील की है और कहा कि यह टीका पूरी तरह सुरक्षित है। इस अवसर पर एसडीएम पिथौरा बीएस मरकाम, जनपद पंचायत सीईओ प्रदीप प्रधान के साथ अन्य मौजूद रहे।
 


अन्य पोस्ट