महासमुन्द

सोहागपुर-सुईनारा-भरवामुड़ा के किसानों के साथ कलेक्टर ने जानी फसल की वास्तविक स्थिति
13-Sep-2021 6:39 PM
सोहागपुर-सुईनारा-भरवामुड़ा के किसानों के साथ कलेक्टर ने जानी फसल की वास्तविक स्थिति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 13 सितंबर।
कलेक्टर ने पिथौरा ब्लॉक के तीन गांवों का दौरा किया। कलेक्टर पिथौरा ब्लॉक के सोहागपुर, सुईनारा एवं भरवामुड़ा पहुंचे और किसानों के साथ खेतों में जाकर फसल की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने के साथ ही किसानों से बात भी की।

किसानों ने बताया कि गांव में इस साल अब तक अल्प वर्षा एवं खण्ड वर्षा के कारण फसल की स्थिति अच्छी नहीं है। किसानों ने कहा कि इस क्षेत्र में बारिश काफी कम होने से फसल को काफी नुकसान हो रहा है। इस दौरान कलेक्टर ने गिरदावरी का कार्य भी देखा और पटवारियों को गिरदावरी के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अनुविभागीय अधिकारी तहसीलदार, आरआई, पटवारी, कृषि आदि अमले के साथ ऐसे फसल प्रभावित गांवों में जाकर फसल की स्थिति का स्थल निरीक्षण कर आंकलन करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किसानों से अल्प वर्षा एवं खण्ड वर्षा की स्थिति को ध्यान में रखते हुए धान के बदले कोदो, कुटकी, कुल्थी, तोरिया, तिवरा, उड़द, मूंग उद्यानिकी फसलें एवं मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत पौधरोपण करने को कहा। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारियों को क्षेत्रों में जाकर फसल क्षति के वास्तविक नुकसान के बारे में जानकारी लेने तथा किसानों को नियमानुसार लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
 


अन्य पोस्ट