महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 सितम्बर। नगर पालिका द्वारा 14वें वित्त आयोग योजना अंतर्गत मिशन क्लीन सिटी के तहत शहर के 30 वार्डों से डोर टू डोर कचरा कलेक्शन के लिए नगर पालिका परिषद द्वारा करीब 50 लाख की लागत से 20 ई रिक्शा क्रय किया गया। जिसका बुधवार को संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकार, नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकार एवं पार्षदों की मौजूदगी में पूजा-अर्चना कर सफाई मित्रों को ई रिक्शा सौंपा गया।
इस दौरान संसदीय सचिव श्री चंद्राकार ने कहा कि ई रिक्शा से सफाई मित्रों को वार्डों से कचरा कलेक्शन कार्य में और तेजी के साथ कार्य करने में बहनों को आसानी होगी। नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकार ने कहा सफाई मित्र बहनों को शहर के 30 वार्डों से कचरा कलेक्शन में बहुत समय और परिश्रम करना पड़ता है। अब ई रिक्शा के जरिए कचरा संग्रहण कार्य द्रुत गति से होगी। इस दौरान संसदीय सचिव एवं नगर पालिका अध्यक्ष तथा पार्षदों ने ई रिक्शा चलाकर शहर भ्रमण किया।
इस अवसर पर सभापति एवं पार्षद संदीप घोष, मुन्ना देवार, अमन चंद्राकार, एल्डरमेन गुरमीत चावला, जावेद चौहान, सांसद प्रतिनिधि अरविंद प्रहरे, जनपद सदस्य कुनाल चंद्राकार, लक्की सिंह, आकाश चंद्राकार, कपिल साहू, महेंद्र सिक्का, रेखराज पटेल सहित पालिका कर्मचारी उपस्थित थे।


