महासमुन्द

जंगली सुअर का शिकार, एक गिरफ्तार, एक फरार
03-Sep-2021 4:33 PM
जंगली सुअर का शिकार, एक गिरफ्तार, एक फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 3 सितंबर।
महासमुंद जिले के पिथौरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत लारीपुर वन क्षेत्र में एक युवक को जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। वन विभाग द्वारा दूसरे आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लेने का दावा किया जा रहा है।

 कल मुखबिर की सूचना के बाद स्थानीय वन विभाग के प्रभारी रेंजर एसआर निराला के नेतृत्व में विभागीय टीम ने विकास खण्ड के ग्राम लारीपुर के कक्ष क्रमांक 290 में विद्युत प्रवाहित तार से जंगली सुअर का शिकार कर उसका मांस बेचते लारीपुर निवासी हेमराज बरीहा को धर दबोचा।

बताया गया है कि आरोपी अपने अन्य सहयोगी के साथ धान के खेतों में जंगली सुअर का शिकार करने के लिए हाईटेंशन विद्युत तार फैलाया था, जिसकी चपेट में आने से जंगली सुअर की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद ग्राम में ही शिकारियों के इस कृत्य को देख कर एक मुखबिर ने सारी जानकारी वन विभाग को दी। जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लगातार छापामारी में लारीपुर निवासी संतराम को पकड़ कर उससे पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने सहयोगी का नाम बताया और जंगली सुअर का मांस पकते हुए कुछ घरों से बरामद करवाया। इसके अलावा सुअर के अवशेष भी बरामद कराए, जिसे आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए जमीन में गाड़ दिए थे।

सुअर की तीन टांग सहित जबड़ा एवं शिकार में प्रयुक्त तार एवं अन्य सामग्री वन विभाग ने जब्त कर वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोपी पर कार्रवाई की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट