महासमुन्द
सर्वाधिक आवेदन महासमुंद विकासखंड से
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितम्बर। राज्य शासन की नई महत्वाकांक्षी योजना राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत 1 सितम्बर से जिले में हितग्राही परिवार के मुखियाओं से आवेदन लेना शुरू हो गया है। आवेदन जिले के सभी ग्राम पंचायत कार्यालयों में कार्यालयीन समय में लिए जा रहे हैं।
डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी डॉ. नेहा कपूर ने बताया कि कल महासमुंद जिले में 5006 आवेदन प्राप्त हुए। जिले में सर्वाधिक आवेदन महासमुंद की ग्राम पंचायत कार्यालयों में 1635 हितग्राहियों ने आवेदन किए। पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायतों में 658 आवेदन, बसना में 915 हितग्राहियों से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन मिले, वहीं सरायपाली ब्लॉक की ग्राम पंचायतों में 1005 और बागबाहरा में 793 आवेदन प्राप्त हुए।
जानकारी मिली है कि निर्धारित प्रपत्र ग्राम पंचायत कार्यालय से नि:शुल्क दिया जा रहा है। जिले के तकऱीबन 63 हजार ग्रामीण परिवारों को इस योजना से फ़ायदा मिलेगा। पात्र पाए गए हितग्राहियों को सालाना 6000 रुपए सीधे उनके बैंक खाते में जाएंगे। यह योजना उन छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर के लिए है जिनके पास कोई खेती की जमीन नहीं है। कलेक्टर डोमन सिंह ने भी महासमुंद के अंदरूनी ग्राम पंचायत कौंदकेरा जाकर की आवेदन लेने की प्रक्रिया को देखा और एक महिला हितग्राही अग्नि ध्रुव से आवेदन लिया।


