महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 2 सितम्बर। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर 14 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर पालिका परिषद के सभी कर्मचारी 3 सितंबर को कलम रख व मशाल उठाकर आंदोलन करेंगे। कर्मचारियों ने इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर को एक सूचना पत्र सौंपा है। नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने सौंपे सूचना पत्र में बताया है कि शासकीय सेवकों के लंबित मांगों को लेकर शुक्रवार को अपनी मांग को लेकर एक दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे।
इस दौरान सफाई लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग, राजस्व विभाग और जन्म मृत्यु पंजीयन विभाग प्रभावित रहेगा। लेकिन पेयजल और बिजली जैसे आवश्यक मूलभूत सुविधाएं यथावत चालू रहेगा। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में लिपिक संवर्ग के वेतन विसंगति का निराकरण साथ ही शिक्षक एवं स्वास्थ्य संवर्ग सहित अन्य कर्मचारी संवर्ग का वेतन विसंगति निराकृत करने, प्रदेश के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को जुलाई 2019 का 5 प्रतिशत एवं जनवरी 2020 का 4 प्रतिशत कुल 9 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृति आदेश जारी करने, छत्तीसगढ़ वेतन पुनरीक्षण नियम 2017 का बकाया एरियर्स किश्त का भुगतान तथा सभी विभागों में लंबित संवर्गीय पदोन्नति, क्रमोन्नति, समयमान, तृतीय समयमान वेतनमान का लाभ समय सीमा में प्रदान करने जैसे शामिल है।


