महासमुन्द

गांवों की ओर पोषण पखवाड़ा रथ रवाना, संसदीय सचिव चंद्राकर ने दिखाई झंडी
02-Sep-2021 7:09 PM
गांवों की ओर पोषण पखवाड़ा रथ रवाना,  संसदीय सचिव चंद्राकर ने दिखाई झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 2 सितम्बर।
राष्ट्रीय पोषण माह के तहत संसदीय सचिव व विधायक विनोद चंद्राकर ने पोषण पखवाड़ा रथ व साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम जिला मुख्यालय स्थित कार्यक्रम डीएमएस स्कूल प्रांगण में आयोजित हुआ।

 जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पांडे ने बताया कि लोगों को जागरूक करने सुपोषण रथ जिले के सभी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में जाएगा। जन जागरूकता के लिए स्कूली छात्राओं ने शहर की सडक़ों पर साइकिल रैली निकाली। 

संसदीय सचिव ने इस दौरान कहा कि महिलाओं और बच्चों के पोषण स्तर की बेहतरी के उद्देश्य से इस वर्ष भी राष्ट्रीय पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य जन आंदोलन और जनभागीदारी से कुपोषण को मिटाना है। इसमें अति कुपोषित बच्चों को चिन्हित और उनकी मॉनिटरिंग करना व दूसरा किचन गार्डन को बढ़ावा देने के लिए पौधरोपण करना है।

मालूम हो कि प्रदेश सहित महासमुंद जिले में कुपोषण व एनीमिया में कमी लाने के लिए 30 सितंबर तक जन आंदोलन के रूप में राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चे के जन्म लेने से पहले व बाद में भी उनके स्वास्थ्य का देखभाल करने में जुट जाता है। गर्भवती माताएं व उनके बच्चें कुपोषित न हो इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व मितानिन हितग्राहियों से घर.घर जाकर लगातार संपर्क करती हैं।

इस दौरान जनपद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू व डॉ. रश्मि चंद्राकर ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम में 10 आंगनबाड़ी केंद्रों को डबल गैस सिलेंडर व चूल्हा का भी वितरण किया गया। 
 


अन्य पोस्ट