महासमुन्द
पूर्व में हुए एक्सीडेंट के कारण वह दिमागी रूप से कमजोर थीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 अगस्त। कल जिस महिला के शव के ऊपर से घंटों भारी वाहन गुजरते रहे, उस महिला के बारे में जानकारी मिली थी कि वह दिमागी रूप से कमजोर थी और रात में अचानक घर से निकल गई थी। महिला का शव सुबह एनएच-53 में गोपालपुर में गौठान के सामने मिला। मृतका के बेटे ढेलू राम टंडन ने शव की पहचान की।
ढेलू राम की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ढेलूराम ने पुलिस को बताया कि वे बिरकोनी में रहते हैं। मृतक उसकी मां है, जिनका नाम केजबती टंडन है। पूर्व में हुए एक्सीडेंट के कारण वह दिमागी रूप से कमजोर थीं, इसलिए वह बिना किसी को बताए घर से कहीं भी चली जाती थी। बीते 29-30 अगस्त की रात 1 बजे जब ढेलू उठा तो उसकी मां घर पर ही थी, लेकिन सुबह 3 बजे से वह गायब थी।
इसके बाद ढेलू ने आसपास पतासाजी की, लेकिन मां के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। सुबह जानकारी मिली कि गोपालपुर के पास सडक़ दुर्घटना में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई है। सूचना पर जब ढेलू वहां पहुंचा तो उसने मृतक महिला की पहचान अपनी मां केजबती टंडन के रूप में की।
बाइकें भिड़ीं, एक मौत, 2 जख्मी
दूसरी घटना में तुमगांव थाना क्षेत्र के एनएच-53 में खल्लारी मंदिर के पास दो बाइक के आपस में टकराने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, वहीं घटना में दो लोग घायल हुए हैं। ग्राम कुहरी निवासी शंभू खैरवार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। शंंभू ने बताया कि उसका छोटा भाई बुधुराम खैरवार और गांव का ही सुदर्शन खैरवार अपने-अपने साइकिल से कोडार गांव गए थे। उन्हें बाइक सवार अज्ञात युवकों ने ठोकर मार दिया। इससे बुधुराम और बाइक सवार दोनों को भी चोट आई हैं, लेकिन अस्पताल में बुधुराम की मौत हो गई।


