महासमुन्द

दर्जनों गांवों को नहर खुलने का लाभ नहीं मिल पा रहा
27-Aug-2021 5:08 PM
दर्जनों गांवों को नहर खुलने का लाभ नहीं मिल पा रहा

जल संसाधन अधिकारी से मिले जिपं सभापति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 27 अगस्त।
क्षेत्र के जिला पंचायत सभापति अमर अरुण चंद्राकर ने गुरूवार को जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता जेके चंद्राकर से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। 
अमर ने बताया कि वर्तमान में कोडार के दोनों गेट खरीफ धान के लिए पानी देने के लिए खोले गए हैं, लेकिन दाएं गेट से पानी जहां तक पहुंचना चाहिए, वहां तक नहीं पहुंच पा रहा है। क्षेत्र के बिरकोनी, बरबसपुर, बडग़ांव, अछरीडीह, नयापारा सहित दर्जनों गांव तक पानी नहीं पहुंच पाने से क्षेत्र के किसानों को नहर खुलने का लाभ नहीं मिल पा रहा है। 

अमर ने बताया कि कोडार से पानी छोड़ा गया है तो गेट पर तैनात कर्मियों का यह दायित्व बनता है कि पानी अंतिम छोर तक पहुंचे, लेकिन वहां कोई भी कर्मचारी नहीं होने से पानी का समुचित प्रबंधन नहीं हो पा रहा है। टेल एरिया नहर में बीच बीच में जगह-जगह नहर के कुलापा खुले होने के कारण पानी अंतिम छोर के गांवों तक नहीं पहुंच रहा है। इस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए अनावश्यक स्थानों पर खुले कुलापा को बंद कराने की मांग की गई है जिस पर अधिकारी ने शीघ्र ही उचित प्रबंधन करने का आश्वासन दिया है।
 


अन्य पोस्ट