महासमुन्द

सामुदायिक अस्पतालों में डिलीवरी के लिए नियुक्त होंगे स्त्री रोग विशेषज्ञ
20-Aug-2021 6:57 PM
सामुदायिक अस्पतालों में डिलीवरी के लिए नियुक्त होंगे स्त्री रोग विशेषज्ञ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
महासमुंद, 20 अगस्त। 
जिला अस्पताल में मैटरनिटी लीव पर गईं स्त्री रोग विशेषज्ञ के स्थान पर अन्य विशेषज्ञ डॉ साक्षी चोपड़ा ने ज्वाइनिंग ली है। साथ ही विभाग जिले के सभी सीएचसी में भी सीजर डिलीवरी की सुविधा देने वाला है। जिला अस्पताल में पदस्थ स्त्री रोग विशेषज्ञ गत जुलाई माह से ही मातृत्व अवकाश पर हैं। इसके लिए जिले के गंभीर व सीजर डिलीवरी केसेस की महिलाओं को राजधानी या निजी अस्पताल में डिलीवरी के लिए जाना पड़ता था। पिछले एक महीने में अधिकांश सीजर डिलीवरी के मामलों को जिला अस्पताल से रेफर किया जाता रहा था। इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग ने जिला अस्पताल के साथ.साथ जिले के सभी सीएचसी में भी सीजर डिलीवरी सुविधा प्रदान करने की पहल की है।

सीजर डिलीवरी की सुविधा अन्य सीएचसी में भी नहीं होने से जिले की प्रसूताओं को हो रही समस्याओं की खबर भास्कर में प्रकाशित होने के बाद विभाग ने इसके लिए भी पहल शुरू कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार शासन की मंशा के अनुरूप जिले के पांचों सीएचसी में सीजर की व्यवस्था के लिए स्त्रीरोग विशेषज्ञ नियुक्त किए जाएंगे। साथ ही साथ अन्य चार विशेषज्ञ भी संविदा के तौर पर नियुक्त किए जाएंगे। 

 इस समस्या से जिले की प्रसूताओं को निजात दिलाने के साथ.साथ कुछ दिन पहले ही सभी सीएचसी के लिए हमर लैब के लिए स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने इसके लिए इंटरव्यू भी आयोजित किया था। इसके तहत 17 तारीख को इंटरव्यू हुआ था। पांचों सीएचसी के लिए कुल 20 पदों पर एक्सपट्र्स को भर्ती किया जाना है। हालांकि इस इंटरव्यू में सिर्फ 1 डॉक्टर ने ही हिस्सा लिया। कलेक्टर ने जिले के सभी सीएचसी के लिए ऐसी सुविधाओं के लिए ब्लड बैंक के लिए 1.50 करोड़ रुपए और हमर लैब के लिए 1.12 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी है। इसी के तहत अब विभाग भी इसे जल्द से जल्द शुरू करने के लिए तैयारी कर रहा है। 

सीएमएचओ डा. एनके मंडपे ने कहा कि जिला अस्पताल में प्रसूताओं की सुविधा के लिए स्त्रीरोग विशेषज्ञ ने ज्वाइन किया है। ओटी को शुरू करने के लिए सैंपल भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट कुछ ही दिनों में मिलेगी। जिसके बाद यहां सीजर की सुविधा गर्भवतियों को मिलेगी। साथ ही शासन के मंशानुरूप सभी सीएचसी में प्रसूताओं को सीजर की सुविधा देने के लिए भी लगातार कोशिश की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट