महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,19 अगस्त। बागबाहरा ब्लॉक के ओडिशा सीमा से सटे खट्टी के ग्रामीणों ने अपर जोंक परियोजना पतोरा बांध ओडिशा से सिंचाई के लिए पानी छोडऩे की मांग की। इस संबंध में ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग अनुविभागीय अधिकारी बागबाहरा को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि नर्रा क्षेत्र सहित आसपास के अन्य गांवों मे भी अल्प वर्षा ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। पानी के अभाव से कुछ किसानों का खेती.किसानी के कार्य जैसे रोपा व बियासी अभी भी अटका हुआ है। वहां के किसानों ने बताया कि धान बोआई किए लगभग डेढ़ से दो माह हो गए हैं। सावन माह कुछ दिन शेष हैं। मानसून पर निर्भर कुछ किसानों ने रोपाई व बियासी नहीं किया है। धान की पौधे पीले पडऩे लगे हैं। ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग बागबाहरा अनुभागीय अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपर जोंक पतोरा बांध ओडिशा से पानी छोडऩे की गुहार लगाई है।
पतोरा डेम ओडिशा से सिंचाई के लिए पानी छोडऩे से ग्राम खट्टी, सेनभांठा, अमनपुरी, परसुली, बनिया तोरा, झिटकी, राटापाली, बहेरा भांठा व झलमला व अन्य गांवों को लाभ होगा।
पतोराबांध से सिंचाई के लिए पानी छोडऩे से लगभग हजारों एकड़ फसल को बचाया जा सकता है। अधिकारी को ज्ञापन सौंपने के दौरान खट्टी सरपंच मीना तिरथ पटेल आदि किसान मौजूद रहे।


