महासमुन्द

गिरदावरी की जमीनी हकीकत जानने खेतों में उतरे कलेक्टर
12-Aug-2021 5:44 PM
गिरदावरी की जमीनी हकीकत जानने खेतों में उतरे कलेक्टर

किसानों से चर्चा, हाल-चाल जाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 अगस्त।
जिले में खरीफ  फसल की गिरदावरी का काम तेजी से चल रहा है। राजस्व विभाग की टीम लगातार खेतों में जाकर सर्वे कर रही है और वहीं रिपोर्ट तैयार कर रही है। इसी कार्य का जायजा लेने बुधवार को कलेक्टर डोमन सिंह अचानक 3 गांवों के खेतों में पहुंचे और कार्य के बारे में विस्तार से जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसानों से भी चर्चा की और उनका हाल-चाल जाना। इसके तहत कलेक्टर ने मचेवा, परस_ी और बम्हनी में गिरदावरी कार्य की जमीनी हकीकत का निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान कहा कि समर्थन मूल्य पर धान व मक्का खरीदी और राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत रकबे के आधार पर किसानों को लाभ दिया जाता है। इसके लिए वास्तविक कृषक, उनके सही रकबे व उसमें लगाई गई फसल का सत्यापन होना आवश्यक है। जिले में ऐसे कई क्षेत्र हैं जहां धान के अतिरिक्त अन्य फसलों का वृहद क्षेत्र में उत्पादन किया जाता है। अत: अभियान के रूप में त्रुटिरहित गिरदावरी किया जाना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने खसरा, नक्शा और समिति के पत्रक का अवलोकन भी किया। इस मौके पर एसडीएम भागवत प्रसाद जायसवाल, तहसीलदार प्रेमूलाल साहू साथ थे।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पौधरोपण प्रोत्साहन योजना के तहत किसानों ने धान के बदले अन्य फसल या पौधों का रोपण किया होगा। उसका भी ध्यान रखकर गिरदावरी करें। भू.अर्जन संबंधी जानकारी भी अद्यतन कर लें। कृषि अधिकारियों से बातचीत कर मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के तहत अन्य फसल या पौधों का रोपण करने वाले किसानों की सूची प्राप्त कर गिरदावरी संबंधी आगे कार्य करें।

किसानों की भूमि और खरीफ फसलों के आंकलन के लिए राजस्व विभाग द्वारा 1 अगस्त से गिरदावरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। जिले में जिसे 30 सितंबर तक गिरदावरी कार्य पूर्ण कर खसरा व भुईया सॉफ्टवेयर में प्रविष्टि पूरी करनी है। जिले में 6 नगरीय क्षेत्र में 1145 गांव हैं। इनमें अपने-अपने क्षेत्रों महासमुंद तहसील के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित, बागबाहरा, बसना, सरायपाली और पिथौरा के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों ने किसानों के जमीन का आंकलन मौके पर पहुंचकर करने का सिलसिला आज से 11 दिन पूर्व शुरू कर दिया है।

 


अन्य पोस्ट