महासमुन्द

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,11 अगस्त। जिला पंचायत परिसर महासमुंद में कल बिहान कैफेटेरिया का शुभारम्भ जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल ने फीता काटकर किया। इस मौकें पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, कलेक्टर डोमन सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा मौजूद थे। श्रीमती पटेल ने कहा कि ये खुशी की बात है कि बिहान स्व सहायता समूहों की महिलाओं ने इस कार्य को अपने हाथ में लिया है। अब यहां सरकारी काम से आने वाले लोगों, आम नागरिकों, अधिकारी.कर्मचारियों को वाजिब दर पर छत्तीसगढ़ी व्यंजन ठेठरी, फरा, चीला, खुर्मी के अलावा अन्य प्रकार के स्वादिष्ट खाना, नाश्ता मिलेगा। इनमें समोसा, कचौड़ी, बड़ा, चीला, मिर्ची भजिया, डोसा, इडली, मुंगौड़ी, गुलगुला, भजिया, चाय आदि शामिल है।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि रोजगार के सीमित संसाधनों में आजीविका चलाने का एक मात्र विकल्प स्वरोजगार ही है। आज भी समाज में महिलाएं घरों की चार दीवारी तक ही सीमित रहती है और उनको सिर्फ पारिवारिक जिम्मेदारियों के लिए समझा जाता है। उन्होंने जय मां चण्डी की अध्यक्ष राधा साहू एवं सचिव लक्ष्मी पांड़ेे को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मगर ऐसी बहुत सी महिलाएं है जो अपनी कार्यकुशलता एवं क्षमता के आधार पर अपना और अपने परिवार का नाम रोशन करने के साथ.साथ समाज के लिए भी एक प्रेरणा स्त्रोत हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा ने समूह की महिलाओं द्वारा बनाया गया केक काटा और सभी अतिथियों ने छत्तीसगढ़ी व्यंजन का स्वाद लिया। इस मौकें पर संयुक्त कलेक्टर सुनील कुमार चंद्रवंशी, डिप्टी कलेक्टर सीमा ठाकुर, पूजा बंसल, ऋतु हेमनानी, उप संचालक समाज कल्याण संगीता सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।