महासमुन्द

साल भर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिले ऐसी कार्ययोजना बनाएं
31-Jul-2021 5:11 PM
साल भर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिले ऐसी कार्ययोजना बनाएं

कलेक्टर ने तेज बारिश के बीच गौठानों का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 31 जुलाई।
गुरूवार को रूक-रूक कर हो रही तेज बारिश के बीच छाता लेकर कलेक्टर डोमन सिंह ने अपने सरायपाली एवं बसना भ्रमण के दौरान चिमरकेल एवं पाटसेन्द्री गौठान एवं चारागाहों का अवलोकन किया। इस मौके पर उन्होंने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके द्वारा की जा रही आर्थिक गतिविधियों के बारें में पूछा। इसके साथ ही उनके द्वारा तैयार वर्मी कम्पोस्ट खाद विक्रय राशि के भुगतान के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने गौठान और चारागाह में लगाई जा रही नैपियर घास का भी अवलोकन किया। इस मौके पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत आकाश छिकारा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नम्रता जैन सहित कृषि से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर डोमन सिंह ने क्रय किए गए गोबर एवं तैयार वर्मी कम्पोस्ट के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गौठानों में साल भर महिला समूहों को रोजगार मिलें, इसके लिए कार्य किए जाएं। ताकि उनकी आर्थिक स्थिति और बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि गौठानों को ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति सुधार के रूप में भी देखा जा रहा है। इसके अलावा गौठानों में आने वाले मूवेशियों को भी भरपूर चारा.पानी मिलें इस पर भी पूरा ध्यान दिया जाए। उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गौठानों में लगभग 10 हजार फलदार,छायादार पौधों का भी रोपण किया जा रहा है। इसके अलावा छोटी-छोटी नर्सरी तैयार कर ग्रामीणों को कृषि कार्य की नयी-नयी तकनीकियां भी बताई जा रही है।  
 


अन्य पोस्ट