ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 नवंबर। देश के 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियन एवं अन्य स्वतंत्र फेडरेशनों के राष्ट्रीय मंच के आव्हान पर आज देशव्यापी ट्रेड यूनियन हड़ताल जारी रही। इस दौरान केंद्र सरकार की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत कई जगहों पर हड़ताल चलती रही। हड़ताल में किसान-कामगार, संगठित-असंगठित क्षेत्र से जुड़े हजारों किसान-मजदूर एवं बैंक-बीमा, डाकघर, आयकर व अन्य क्षेत्र के सरकारी कर्मचारी शामिल हुए।
रायपुर में बूढ़ापारा स्थित कर्मचारी भवन में ट्रेड यूनियनों का प्रदर्शन घंटों जारी रहा। यूनियन से जुड़े सैकड़ों किसान-मजदूर, तृतीय वर्ग कर्मचारी एकजुट होकर यहां धरना-प्रदर्शन करते रहे और केंद्र सरकार की किसान -मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारे लगाते रहे। इस बीच केंद्र की किसान-मजदूर विरोधी नीतियों का जमकर विरोध किया गया। इसी तरह ट्रेड यूनियन हड़ताल भिलाई-दुर्ग, नांदगांव, कोरबा समेत और कई जगहों पर चलती रही।
सीटू के सचिव धर्मराज महापात्र, इंटक अध्यक्ष संजय सिंह, बृजेन्द्र तिवारी, राकेश साहू, आरएस भट्ट, एससी भट्टाचार्य व अन्य ट्रेड यूनियन नेताओं ने बताया कि केंद्र की मजदूर-किसान विरोधी नीतियों का लगातार विरोध हो रहा है। उनकी संगठनों की इस संबंध में कई दौर की बैठक हो चुकी है। बैठक में हड़ताल की चेतावनी दी जाती रही, लेकिन मांगों पर विचार ना करने पर वे सभी सडक़ पर उतरने मजबूर हुए।


