ताजा खबर
रायपुर, 17 जून। प्रदेश में नया शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने के बावजूद अनेक विद्यार्थियों को अब तक पाठ्यपुस्तकें एवं यूनिफॉर्म उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। जबकि राज्य शासन द्वारा सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त एवं छत्तीसगढ़ बोर्ड से मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 10वीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें प्रदान की जाती हैं।
इस संबंध में छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। गांधी ने मुख्यमंत्री के समक्ष कहा कि स्कूल खुलने से पहले ही समाचार पत्रों एवं टीवी चैनलों के माध्यम से समय पर किताबें और यूनिफॉर्म नहीं पहुंचने की आशंका व्यक्त की जा रही थी, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई गई, जिसके कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी विद्यालयों में जल्द से जल्द किताबें एवं यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।


