ताजा खबर
रायपुर, 17 जून। मंत्रालय में कनिष्ठ संवर्ग में कर्मचारियों की कमी को भरने संविदा नियुक्ति करने का फैसला किया है। कनिष्ठ सचिवालय सहायक यानी ग्रेड 3 के 145 पदों पर ये नियुक्तियां की जाएंगी। जो नए युवा युवक युवतियों के बजाय अनुभवी पुराने रिटायर्ड कर्मचारियों से नियुक्त किए जाएंगे।
इस संबंध में साप्रवि ने भर्ती प्रक्रिया तय कर दी है। इसके लिए आज एसीएस पंचायत ग्रामीण विकास, प्रमुख सचिव विधि और सचिव जीएडी 3 व 8 प्रकोष्ठ की बैठक हुई। इसमें लिए गए निर्णय अनुसार जुलाई 25 से नियमित नियुक्ति व्यापमं में लंबित होने की वजह से संविदा नियुक्ति का निर्णय लिया गया है।
जीएडी सूत्रों के अनुसार चूंकि अत्यधिक संख्या में पद रिक्त होने से कनिष्ठ सचिवालय सहायक के पद की तत्काल पूर्ति किया जाना संभव नहीं हो पा रहा है। अतः पदों की रिक्तता, सचिवालयीन विभागों द्वारा की जा रही उक्त पदों की मांग छ.ग. सिविल सेवा (संविदा नियुक्ति) नियम 2012 अथवा आउटसोर्सिंग के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था के आधार पर भरे जाने पर विचार किया जा सकता है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संविदा से पदों को भरे जाने की प्रक्रिया- कनिष्ठ सचिवालय सहायक के 145 रिक्त पदों (पदों की संख्या परिवर्तनशील रहेगी) की पूर्ति संविदा के माध्यम से केन्द्र /छ.ग. राज्य /छ.ग. में स्थित केन्द्र शासित सार्वजनिक उपक्रम की नियमित शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त हो चुके ऐसे कर्मचारियों से की जाएगी, जो 70 वर्ष की आयु से कम हो, उक्त पद की शैक्षणिक अर्हता पूर्ण करते हो तथा कम्प्यूटर के माध्यम से हिन्दी एवं अंग्रेजी दोनों में टायपिंग कार्य करने में दक्ष तथा अन्य कार्यालयीन कार्य (ई मेल एवं Microsoft Word/Excel/Power point सहित आनलाईन के माध्यम से किये जाने वाले आवश्यक सभी कार्य) करने में दक्ष हो।
आवेदक की सेवानिवृत्ति तिथि से पूर्व 03 वर्षों का गोपनीय प्रतिवेदन बहुत अच्छा अथवा इससे उच्च श्रेणी का हो, उनसे आवेदन आमंत्रित कर कार्यवाही की जाएगी।


