ताजा खबर

रील बनाते मौत या कुछ और ?
17-Jun-2026 8:02 PM
 रील बनाते मौत या कुछ और ?

नवविवाहिता की संदिग्ध मौत का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड, जांच शुरु

नरेश शर्मा
रायगढ़, 17 जून ('छत्तीसगढ़' संवाददाता)।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया के लिए रील बनाते समय 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो मृतका के मोबाइल फोन में रिकॉर्ड मिला है, जिसे अब पुलिस जांच का महत्वपूर्ण आधार मान रही है।

मृतका की पहचान विशाखा देवांगन के रूप में हुई है। घटना रायगढ़ शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार, आज दोपहर को जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। संदेह होने पर दरवाजे की दरार से झांककर देखा गया तो महिला सीलिंग फैन से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदे के साथ वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। शुरुआती आशंका है कि महिला सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान यह हादसा हुआ।

हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मोबाइल फोन में मिले वीडियो, घटनास्थल की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया कंटेंट और रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायगढ़ की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।

फिलहाल पुलिस जांच जारी है।


अन्य पोस्ट