ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बैकुंठपुर (कोरिया), 17 जून। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात रेत विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प ने एक जघन्य हत्याकांड का रूप ले लिया। पीडि़तों के मुताबिक लगभग 30 लोगों के समूह ने एक फॉच्र्यूनर वाहन पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया गया। घटना में वाहन में सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह समेत तीन लोगों की जलकर मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल का अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले एक टिपर वाहन से फॉच्र्यूनर को कई बार टक्कर मारी, जिससे वाहन के दरवाजे जाम हो गए और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। जबकि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, जो लोग वाहन का शीशा तोडक़र बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, उनके साथ भी मारपीट की गई। आग की चपेट में आने से भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार में सवार वीरेन्द्र प्रताप सिंह, और नागेन्द्र सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ही गंभीर रूप से झुलस गए थे। नागेन्द्र सिंह को रायपुर लाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि वीरेन्द्र प्रताप सिंह की मौत अंबिकापुर में हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे, और पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन और आरोपियों की तलाश जारी है। 70 प्रतिशत तक झुलसे घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।

रेत विवाद बना हिंसा की वजह
सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और लंबे समय से रेत के कारोबार को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर मृतक पक्ष के एक सदस्य ने आरोपियों के भतीजे के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।

बताया जाता है कि रात में मृतक पक्ष अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों में सवार होकर आरोपियों के घर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने कथित तौर पर टिपर वाहन से हमला कर दिया। घटनास्थल से एक वाहन भागने में सफल रहा, जबकि दो वाहन फंस गए। इनमें से एक फॉच्र्यूनर को आग के हवाले कर दिया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।
वही मामले में पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट जांच में जुटे है, उंसके बाद एफआईआर की जाएगी, तब मामले में पुलिस अपना बयान देगी। ताकि हमले के पीछे की सही कहानी सामने आ सके।
दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा-साय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 जून। सीएम विष्णु देव साय ने कोरिया जिले में रेत विवाद के चलते तीन लोगों की हत्या के मामले पर कहा कि प्रकरण उनके संज्ञान में है, और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।


