ताजा खबर

एसीबी ने एक लाख की रिश्वत लेते बाबू को रंगे हाथों पकड़ा
17-Jun-2026 5:16 PM
एसीबी ने एक लाख की रिश्वत लेते बाबू को रंगे हाथों पकड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 17 जून।
भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो ने धमतरी में बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंचाई विभाग के एक बाबू को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हडक़ंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को धमतरी विद्युत यांत्रिकी विभाग में पदस्थ कर्मचारी लकेश साहू, जिन्हें विभागीय स्तर पर लिपिकीय कार्यों की भी जिम्मेदारी दी गई थी। अनुकंपा नियुक्ति के एक मामले में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता खुमान सिंह ने एसीबी से शिकायत की थी कि अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के एवज में उससे एक लाख रुपये की मांग की गई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच और सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता को आरोपी कर्मचारी के संपर्क में भेजा गया।

 

बताया गया कि आरोपी ने अपने कर्मा नगर स्थित निजी निवास में रिश्वत की रकम लेने के लिए बुलाया था। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत राशि सौंपी, पहले से निगरानी कर रही एसीबी की टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 50-50 हजार रुपये के दो गड्डी, कुल एक लाख रुपये बरामद किए गए। 

आरोपी को पूछताछ के लिए रेस्ट हाउस लाया गया, जहां एसीबी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई की खबर फैलते ही सिंचाई विभाग तथा विद्युत यांत्रिकी विभाग में हडक़ंप मच गया। माना जा रहा है कि एसीबी अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर सकती है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में प्राप्त शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है । 


अन्य पोस्ट