ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 16 जून। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक समाचार पोर्टल पर सट्टेबाज सौरभ चंद्राकर से चैट की खबर को फर्जी बताते हुए इसे उनके खिलाफ साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि फोटोशॉप के आधार पर तैयार सामग्री के जरिए दुष्प्रचार किया जा रहा है।
भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि जिस वीडियो के आधार पर खबर चलाई जा रही है, उसमें दिखाए गए यूजरनेम का चैट बॉक्स उनके पास मौजूद है। इससे स्पष्ट है कि संबंधित यूजरनेम ( सौरभ चंद्राकर)के साथ किसी भी प्रकार का संदेश आदान-प्रदान नहीं हुआ है।
उन्होंने दावा किया कि इस फर्जीवाड़े के पीछे मौजूद प्रायोजकों की जानकारी भी उनके पास पहुंच चुकी है। साथ ही उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल लोगों और बिना तथ्य जांचे खबर प्रसारित करने वाले पत्रकारों को भी सावधान हो जाना चाहिए।
पूर्व सीएम ने कहा कि उनकी विधिक टीम पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई करेगी। उन्होंने जिम्मेदार मीडिया संस्थानों से अपील की कि किसी भी खबर या सामग्री को प्रसारित करने से पहले तथ्यों का सत्यापन अवश्य करें।


