ताजा खबर

किरंदुल एनएमडीसी की शॉवेल मशीन में लगी आग, करोड़ों की मशीन खाक
16-Jun-2026 8:05 PM
किरंदुल एनएमडीसी की शॉवेल मशीन में लगी आग, करोड़ों की मशीन खाक

ऑपरेटर ने कूदकर बचाई जान

'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 16 जून।
दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित एनएमडीसी परियोजना की खदान क्रमांक-11सी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात एक शॉवेल मशीन में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते मशीन पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इस हादसे में करोड़ों की मशीन को भारी नुकसान पहुंचा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मशीन नंबर-27 में तकनीकी खराबी और लीकेज के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। घटना रात करीब 3 से 4 बजे के बीच की बताई जा रही है। आग लगते ही मशीन में मौजूद ऑपरेटर ने सतर्कता दिखाते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।

मशीन में आग लगने की सूचना मिलते ही खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारियों और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, तब तक आग पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले चुकी थी।

फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर लीकेज को आग लगने की वजह माना जा रहा है। इस घटना से एनएमडीसी परियोजना को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।


अन्य पोस्ट