ताजा खबर

प्रियांक खड़गे ने पूछा- 'मोहन भागवत को सुरक्षा कौन देता है, यह किसके पैसे से दी जाती है'
16-Jun-2026 8:03 PM
प्रियांक खड़गे ने पूछा- 'मोहन भागवत को सुरक्षा कौन देता है, यह किसके पैसे से दी जाती है'

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे लगातार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के रजिस्ट्रेशन को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

प्रियांक खड़गे ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में पूछा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को सुरक्षा कौन देता है और यह किसके पैसे से दी जाती है.

प्रियांक ने कहा, "आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत कहते हैं कि हम तो खुले तौर पर संघ के नाम पर काम कर रहे हैं. मैं भी वही पूछ रहा हूं. अगर यह संघ के नाम पर हो रहा है, तो संघ असल में है क्या? इसके पीछे लोग कौन हैं? आपका पैसा कहां से आता है?"

उन्होंने आगे कहा, "मैं अभी-अभी एक हफ़्ता पहले कर्नाटक का गृह मंत्री बना हूं. पहले मैं अनौपचारिक तौर पर पूछ रहा था, अब मैं आधिकारिक तौर पर पूछ रहा हूं."

प्रियांक खड़गे ने पूछा, "भारत में ऐसी सुरक्षा गृह मंत्री, विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री को दी जाती है. मोहन भागवत जी को सुरक्षा कौन देता है और यह किसके पैसे से दी जाती है? क्या यह टैक्स देने वालों के पैसे से नहीं है?"

इससे पहले आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने रविवार को केरल के त्रिशूर में संघ के शताब्दी वर्ष कार्यक्रम में कहा कि देश में कई ऐसी संस्थाएं हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है.

दरअसल, भागवत से पूछा गया था कि कर्नाटक सरकार ने आरएसएस की गतिविधियों को गुप्त बताते हुए कहा है कि संगठन को रजिस्ट्रेशन कराना चाहिए.

इसके जवाब में भागवत ने कहा, "हम खुले तौर पर काम कर रहे हैं. हम लोगों को बुलाकर संघ के बारे में बता रहे हैं. यह राजनीति है और तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं. हमें इसकी आदत है. संघ के शुरू होने के 10-15 साल बाद से हमें ऐसी ही चीज़ों का सामना करना पड़ा है. हमें इसकी आदत है."  (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट