ताजा खबर
-प्रभाकर मणि तिवारी
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को भवानीपुर सीट पर अपनी हार को कलकत्ता हाई कोर्ट में चुनौती दी है.
बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी की जीत को चुनौती देते हुए ममता बनर्जी ने एक याचिका और हलफ़नामा दायर किया.
टीएमसी से जुड़े सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है.
ममता बनर्जी मंगलवार दोपहर को पार्टी की नेता डोला सेन और विधायक कुणाल घोष के साथ अचानक हाई कोर्ट पहुंची थीं.
ममता बनर्जी विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद दूसरी बार अदालत पहुंची थीं. इससे पहले बीते महीने एक मामले में जिरह के लिए अदालत पहुंचने पर वकीलों के एक गुट ने उनके ख़िलाफ़ नारे लगाए थे और विरोध प्रदर्शन किया था.
अप्रैल महीने में हुए चुनाव में भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15 हज़ार से ज़्यादा वोटों के अंतर से हरा दिया था.
चुनाव नतीजों के बाद ममता ने भवानीपुर सीट पर वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाया था.
ममता इससे पहले साल 2021 में नंदीग्राम सीट पर भी शुभेंदु से चुनाव हार गई थीं. उन्होंने अदालत में उस नतीजे को भी चुनौती दी थी. वह मामला अब तक चल रहा है.(bbc.com/hindi)


