ताजा खबर

युवक की सड़क हादसे में मौत
16-Jun-2026 6:49 PM
युवक की सड़क हादसे में मौत

मां-भाभी को इलाज के लिए छोड़कर लौट रहा था

रामानुजगंज, 16 जून। वाड्रफनगर-रामानुजगंज मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर हुए एक सड़क हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

ग्राम कनकपुर निवासी मनमोहन राम  पिता विनोद राम अपनी मां एवं भाभी को इलाज के लिए बाइक से रामानुजगंज लेकर आया था। परिजनों को अस्पताल में छोडऩे के बाद वह वापस अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान दोपहर लगभग 12 बजे पलटन घाट एवं वन विभाग के बैरियर के बीच वाड्रफनगर-रामानुजगंज मार्ग पर एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। गंभीर चोट के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई तथा पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए 100 बिस्तरीय अस्पताल रामानुजगंज भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। युवक की असमय मौत से ग्राम कनकपुर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक की शीघ्र पहचान कर उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट