ताजा खबर

झपकी, बेकाबू कार खेत में पलटी, शिक्षक और पत्नी जख्मी
16-Jun-2026 6:29 PM
झपकी, बेकाबू कार खेत में पलटी, शिक्षक और पत्नी जख्मी

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

लखनपुर, 16 जून। लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लोसगी नर्सरी के पास मंगलवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में कार सवार शिक्षक और उनकी पत्नी घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल शिक्षक तीरथ राम साहू लखनपुर विकासखंड के ग्राम अरगोती स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ हैं। मंगलवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम दिवस वे अपनी पत्नी के साथ बिलासपुर से सीधे स्कूल पहुंचे थे। विद्यालय में ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों कार से लखनपुर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3.30 बजे लोसगी नर्सरी के पास चालक को अचानक नींद की झपकी आ जाने से कार पर नियंत्रण नहीं रहा और कार सड़क से उतरकर खेत में जा पलटी। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि कार के चारों पहिए ऊपर हो गए और दंपति वाहन के भीतर ही फंस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को कार से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस की सहायता से उन्हें लखनपुर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस मामले की जानकारी लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट