ताजा खबर
गृह मंत्री 33 प्रशिक्षु डीएसपी के प्रशिक्षण सत्र हुए शामिल
रायपुर, 15 जून। उप मुख्यमंत्री गृह विजय शर्मा की उपस्थिति में आज 2021 एवं 24 के छत्तीसगढ़ राज्य लोक सेवा आयोग से चयनित 33 उप पुलिस अधीक्षकों के बुनियादी प्रशिक्षण का नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी चंदखुरी में शुरू हुआ। श्री शर्मा ने कहा कि आप सभी ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से इस प्रतिष्ठित सेवा में स्थान प्राप्त किया है। यह केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक सेवा, एक दायित्व, और एक बड़ी जिम्मेदारी है।
इस समारोह में डीजीपी अरूण देव गौतम, एडीजी, प्रशिक्षण दीपाशु काबरा उपस्थित हुए। साथ ही अकादमी के महानिदेशक अजय यादव, वरिष्ट पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमति सोनिया उके एवं अकादमी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ पुलिस की पहचान न केवल कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में है, बल्कि राज्य के हर नागरिक को सुरक्षा एवं न्याय दिलाने में भी है। हमारी चुनौती केवल अपराथों पर नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें समाज के विश्वास को बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है। पुलिसिंग आज केवल शारीरिक साहस तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें आधुनिक तकनीकों का उपयोग, साइबर अपराधों से निपटने की दक्षता और सामुदायिक जुड़ाव भी शामिल है।
अकादमी के निदेशक श्री यादव ने बताया कि कुल 33 अभ्यर्थी उप पुलिस अधीक्षक बुनियादी प्रशिक्षण हेतु उपस्थित हैं। अधिकांश प्रशिक्षु इंजीनियरिंग में शिक्षा प्राप्त किये हैं। उन्होंने 02 वर्षों के पूरे प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। अंत में डॉ. अभिषेक पल्लव, ने आभार व्यक्त किया । इसके पश्चात अकादमी परिसर में श्री शर्मा ने नीम के पौधे का रोपण और अधिकारियों ने 100 पौधों का रोपण किया गया।


