ताजा खबर
सचिन राव पदाधिकारी की लेंगे क्लास
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 15 जून। कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टीम 20 तारीख को पहुंच रही है। प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव, और एआईसीसी के पदाधिकारी जिला अध्यक्षों को प्रशिक्षण देंगे। शिविर में जिला अध्यक्षों के अलावा किसी और को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
एआईसीसी के प्रभारी महासचिव केसी वेणुगोपाल के पत्र के बाद यहां प्रशिक्षण शिविर की तैयारी चल रही है। शिविर के लिए अभनपुर स्थित एक मंगल भवन को चयनित किया गया है। यहां ठहरने की बेहतर व्यवस्था है, और एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण शिविर के लिए उपयुक्त समझा गया है। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, और अन्य नेता शिविर स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक एआईसीसी के प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव, और उनकी टीम 10 दिन यहां रहकर प्रशिक्षण देंगे। शिविर में प्रदेश के सभी 41 जिला अध्यक्ष रहेंगे। शिविर में किसी और को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। पहले चर्चा थी कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी शिविर में हिस्सा लेने आ सकते हैं। मगर सिर्फ राहुल गांधी के आने की सूचना है। लेकिन उनका कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के भी दो-तीन दिन के भीतर रायपुर आने की उम्मीद है। वो प्रशिक्षण शिविर की तैयारियों का जायजा लेंगे। शिविर का समापन 30 तारीख को होगा। उस दिन प्रदेश के सभी प्रमुख नेता शिविर में शामिल हो सकते हैं।


