ताजा खबर

दोगुना मुनाफे के झांसे में आए साइकिल मैकेनिक से 21.32 लाख की साइबर ठगी
15-Jun-2026 12:43 PM
दोगुना मुनाफे के झांसे में आए साइकिल मैकेनिक से 21.32 लाख की साइबर ठगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 15 जून। जल्दी और ज्यादा कमाई का सपना दिखाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले साइबर अपराधियों ने एक किसान और साइकिल मैकेनिक को 21 लाख 32 हजार रुपये का चूना लगा दिया। टेलीग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर रकम दोगुनी करने का झांसा देकर आरोपियों ने पीड़ित से बार-बार पैसे जमा कराए और बाद में संपर्क तोड़ दिया। शिकायत के बाद पचपेड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार भरारी बड़ापारा वार्ड क्रमांक-9 निवासी 38 वर्षीय नारायण सिंह राज खेती-किसानी के साथ निजी तौर पर साइकिल मरम्मत का काम करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि अक्टूबर 2024 में उनके टेलीग्राम अकाउंट पर एक अज्ञात लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही वे एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गए।

शिकायत के मुताबिक ग्रुप संचालकों ने खुद को फॉरेक्स ट्रेडिंग से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि 10 हजार रुपये निवेश करने पर 24 घंटे के भीतर 1 लाख रुपये तक का रिटर्न मिलेगा। ठगों ने "मनी बैंक गारंटी" का हवाला देकर निवेश को पूरी तरह सुरक्षित और वैध बताया।

टेलीग्राम ग्रुप इंडिया प्रोमो ट्रेडिंग कंपनी के एडमिन एजेंट राजेश पांडे 5 और एजेंट राजेश पांडे 1 नाम से लगातार संपर्क कर पीड़ित को अधिक निवेश के लिए प्रेरित करते रहे।

मुनाफे के लालच में आकर नारायण सिंह राज ने अलग-अलग किश्तों में कुल 160 ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए। उन्होंने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के खातों से यूपीआई के माध्यम से विभिन्न खातों में कुल 21 लाख 32 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

काफी समय बीतने के बाद भी जब कोई लाभ नहीं मिला और जमा रकम वापस नहीं आई, तब उन्हें अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पीड़ित ने पुलिस को 46 पृष्ठों का विस्तृत ट्रांजेक्शन चार्ट और लिखित शिकायत सौंपी। प्रारंभिक जांच में ऑनलाइन धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पचपेड़ी थाना पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।

अज्ञात टेलीग्राम अकाउंट धारकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

 


अन्य पोस्ट